आगामी दिनों में बराफवात और जन्माष्टमी कार्यक्रम है। ऐसे में पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर है। देवरिया में इस्लामिक झंडा मिला है, जिसमें आपत्तिजनक चित्र बने थे।
हाइलाइट्स
इस्लामिक झंडे पर एके-47 की तस्वीर ने मचाई हलचल
हिंदू संगठनों ने काले झंडे को देखकर जताया आक्रोश
पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है, जांच जारी
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के मझौली राज कस्बे का माहौल रविवार की शाम को अचानक गरमा गया। कस्बे के वार्ड नंबर-8 में स्थित मोहम्मद अरशद उर्फ शमसुद्दीन के घर के सामने काले रंग का एक इस्लामिक झंडा मिला, जिस पर उर्दू में कुछ लिखा गया था और एक-47 की फोटो बनी थी। उसे झंडे के बगल में ही उर्दू में लिखे एक सफेद रंग का झंडा टंगा था, जिस पर तलवार की फोटो बनी थी। इन झंडों को देखकर हिंदू संगठनों के लोग आक्रोशित हो गए और इसकी सूचना प्रशासन को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने झंडे को उतरवाया और तीन लोगों को हिरासत में लिया है। देवरिया सदर के विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने इस घटना को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है।
देवरिया मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर ऐतिहासिक मझौली राज कस्बा स्थित है। यहां हिंदू और मुसलमान की मिश्रित आबादी है। मिश्रित आबादी होने के बावजूद भी दोनों वर्गों में अभी तक कोई विवाद नहीं हुआ है, मगर रविवार की शाम को कस्बे के वार्ड नंबर-8 में शमसुद्दीन की मकान के सामने एक खंभे पर काले रंग का झंडा टंगा था। झंडे पर उर्दू में कुछ शब्द लिखे गए थे और एक-47 की आकृति की फोटो बनी थी। झंडे से ऊपर मकान की रेलिंग पर एक सफेद रंग का झंडा टंगा था, जिस पर उर्दू में कुछ शब्द लिखा था और तलवार की फोटो बनी थी।
पुलिस ने उतरवाया झंडा
हिंदू संगठन के लोगों की नजर जब इस झंडे पर पड़ी तो लोग आक्रोशित हो गए और इसकी जानकारी प्रशासन को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे झंडे को तत्काल नीचे उतरवाया। पुलिस के मुताबिक, झंडे को कस्बे के ही वार्ड नंबर आठ निवासी मोबिन पेंटर ने बनाया था। जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बराफवात और कृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार नजदीक आ रहा है। ऐसे में कुछ खुराफाती लोग माहौल बिगाड़ना चाहते हैं।
विधायक शलभ मणि ने जताई आपत्ति
इस घटना को लेकर देवरिया सदर के विधायक डॉक्टर शलभ मणि त्रिपाठी ने कड़ी आपत्ति जताई है। एक्स के माध्यम से शलभ मणि ने कहा है कि देवरिया के मझौलीराज में AK-47 बने इस्लामिक झंडे लगाए जाने की घटना बेहद आपत्तिजनक और भड़काऊ है। ऐसा जानबूझकर किया गया है। प्रशासन को तत्काल ऐसे सभी झंडे उतार कर ज़ब्त करने और दोषियों को चुन चुनकर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने को कहा है। मुख्यमंत्री योगी जी की सरकार में चरमपंथियों के खिलाफ हुई प्रभावी कार्रवाइयों के बावजूद ऐसे तत्व समय-समय पर सिर उठाते रहते हैं। ऐसे तत्वों के मंसूबों को सख्ती के साथ कुचला जाएगा।
तीन लोगों से पूछताछ कर रही पुलिस
सलेमपुर के सीओ गौरव सिंह ने बताया कि उक्त झंडे को वार्ड नंबर-8 निवासी मोबीन पेंटर द्वारा बनाया गया था। घटना के संबंध में 3 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। कस्बे में शांति व्यवस्था संबंधी कोई समस्या नहीं है।

