उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में डबल मर्डर के आरोपी राजा अंसारी को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। पता चला है कि वह आर्थिक तंगी से जूझ रहा था।
गाजियाबाद: खोड़ा के लोकप्रिय विहार में शुक्रवार देर रात हुए दोहरे हत्याकांड के आरोपी पति की मानसिक और आर्थिक स्थिति को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। अपनी ही पत्नी और बेटी की जान लेने वाला आरोपी लंबे समय से अवसाद से जूझ रहा था।
आरोपी की पहचान मोहम्मद रजा अंसारी उर्फ राजा अंसारी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के अररिया जिले का रहने वाला है और वर्तमान में खोड़ा की गली नंबर 3 में चौथी मंजिल पर परिवार के साथ रहता था। वह गाजीपुर मुर्गा मंडी में मुंशी का काम करता है। शुक्रवार देर रात उसने पारिवारिक कलह के चलते अपनी पत्नी बेबी तबस्सुम (40 वर्ष) और दो बेटियों सना तबस्सुम और रूबी तबस्सुम (14 वर्ष) पर गंडासे व चाकू से हमला कर दिया। पत्नी के पेट व गले और बड़ी बेटी के गले पर किए गए घातक वार से दोनों की मौत हो गई, जबकि छोटी बेटी किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही।
घायल रूबी का चल रहा इलाज
घटना के बाद तीनों को एमएमजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बेबी तबस्सुम और सना तबस्सुम को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल रूबी का इलाज जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भागा नहीं, बल्कि घर के बाहर ही बैठा रहा, जिसे पुलिस ने वहीं से हिरासत में ले लिया।
काम धंधा मंदा चल रहा था
पुलिस सूत्रों के हवाले से सामने आया है कि आरोपी पिछले कुछ समय से काम-धंधा मंदा होने के कारण आर्थिक तंगी से जूझ रहा था और इसी तनाव के चलते डिप्रेशन में था। पूछताछ में उसने तनाव में आकर यह कदम उठाने की बात कही है। इस संबंध में एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर गहनता से पूछताछ की जा रही है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

