Homeभारतउत्तरप्रदेशघर के बाहर खेल रहा था 2 साल का बच्चा, तभी आई...

घर के बाहर खेल रहा था 2 साल का बच्चा, तभी आई कार और कुचलते चली गई – CCTV

उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद के लिंक रोड थाना क्षेत्र में रविवार को घर के बाहर खेल रहे दो वर्षीय बच्चे दिवित को कार चालक ने टक्कर मार दी. हादसे में बच्चा कार के टायर के नीचे आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे दिल्ली के निजी अस्पताल के पीआईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है.

गाजियाबाद के लिंक रोड थाना क्षेत्र के रामप्रस्थ बी-ब्लॉक में रविवार दोपहर घर के बाहर गली में खेल रहे दो वर्षीय बच्चे को कार चालक ने टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बच्चा कार के टायर के नीचे आ गया. जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं. फिलहाल उसे दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है. पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी में कैद हो गई.

खेल रहा था बच्चा, तभी आई कार और कुचलते चली गई

पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर के अनुसार रामप्रस्थ बी ब्लॉक निवासी पवन सारस्वत का दो वर्षीय बेटा दिवित रविवार दोपहर घर के बाहर गली में खेल रहा था. इसी दौरान एक कार वहां से गुजरी. सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि कार बच्चे की ओर बढ़ती है और उसे टक्कर मार देती है. टक्कर के बाद बच्चा कार के टायर के नीचे आ जाता है. कार का टायर बच्चे के ऊपर से निकलने के बाद चालक वाहन रोकता है और नीचे उतरता दिखाई देता है.

वहीं हादसे के तुरंत बाद बच्चे की मां दौड़कर मौके पर पहुंचती है और सड़क पर पड़े बच्चे को उठाकर गोद में ले लेती है. इसके बाद वह बच्चे को लेकर वहां से चली जाती है. सीसीटीवी फुटेज में कार चालक भी अपनी कार को पीछे करते हुए मौके से पीछे की ओर जाता दिखाई दे रहा है. परिजनों के मुताबिक हादसे के बाद बच्चे को तत्काल दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया.

पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश

गंभीर चोटों के कारण उसे पीआईसीयू में रखा गया है. डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है. घटना के बाद परिजनों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में कार का नंबर सामने आने के बाद बच्चे के पिता पवन सारस्वत ने लिंक रोड थाने में शिकायत देकर कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार चालक की पहचान रामप्रस्थ निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अनिल कुमार किराए पर कमरा तलाशने के लिए निकला था.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments