आगरा की रहने वाली तुलसा अपने बेटे के साथ लखनऊ आई थी। वह यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर पुलिसकर्मियों से शिकायत करना चाहती थी।
उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में तैनात पुलिसकर्मियों के दुर्व्यवहार से जुड़े अनेकों मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसा ही कुछ शनिवार सुबह लखनऊ में देखने को मिला, जहां आगरा से लखनऊ पहुंची एक महिला पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए हजरतगंज स्थित पार्क रोड पर बने टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर पर देखकर आसपास से गुजर रहे लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकलकर्मियों ने महिला को समझाबुझा कर नीचे उतारा।
आगरा के कैंट क्षेत्र स्थित श्याम विहार छोटी कॉलोनी की रहने वाली तुलसा नाम की महिला टावर पर चढ़ गई। वह वहां बने स्टील प्लेटफॉर्म पर बैठकर चिल्लाती रही। महिला का नाबालिग बेटा टावर के नीचे ही खड़ा रहा। बताया जाता है कि टावर पर चढ़ी महिला आगरा पुलिस के खिलाफ शिकायत लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने लखनऊ आई थी। महिला का कहना है कि आगरा पुलिस ने उसके बच्चे से रुपये छीन लिए और उसकी पिटाई की।
पुलिस पर 2 हजार रुपये छीनने का आरोप
पीड़ित महिला का कहना है कि आगरा में उसने अपने बच्चे को रेलवे स्टेशन पर कुछ सामान लेने के लिए भेजा था। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उसके बच्चे पर चोरी का झूठा आरोप लगाकर पिटाई की और 2 हजार रुपये छीनने के साथ साथ मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। जब महिला ने पुलिस की इस हरकत का विरोध किया तो महिला को भी झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।
महिला को समझा-बुझाकर नीचे उतारा गया
घटना की सूचना मिलते ही हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। फायर ब्रिगेड की मदद से काफी देर समझाने-बुझाने के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा गया। पुलिस ने महिला से पूछताछ कर शिकायत ली है और मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को भेज दी है।

