जालौन जिले के उरई कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति पत्नी को सकुशल बरामद कराने की मांग को लेकर अपने तीन मासूम बच्चों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरना दे रहा है।
हाइलाइट्स
जालौन जिले के उरई कोतवाली क्षेत्र में3 बच्चों की मां हुई लापता
बच्चों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरना दे रहा पति
तीन माह से पुलिस प्रशासन के काट रहा चक्कर
जालौन में पत्नी की तलाश में बच्चों संग धरने पर बैठा पति
जालौन: जालौन जिले के उरई कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति ने तीन माह तक पुलिस प्रशासन के चक्कर काटने के बाद जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरना शुरू कर दिया। पीड़ित अपने तीन मासूम बच्चों के साथ न्याय की गुहार लगा रहा है और पत्नी को सकुशल बरामद कराने की मांग कर रहा है।
जानकारी के अनुसार उरई कोतवाली क्षेत्र के चौरसी मोड़ (रहिया) गांव निवासी ऋषि राज मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। उसका कहना है कि उसकी 32 वर्षीय पत्नी अनीता उर्फ ममता बीते 11 अप्रैल से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। पत्नी के अचानक गायब होने के बाद उसने रिश्तेदारों, परिचितों और कई स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
कई बार लगाए थाने के चक्कर
पीड़ित का आरोप है कि उसने घटना की सूचना पुलिस को दी और कई बार थाने के चक्कर लगाए, लेकिन तीन महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस उसकी पत्नी का पता लगाने में सफल नहीं हुई। उसका कहना है कि उसे केवल आश्वासन मिलते रहे, जबकि अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़ित का आरोप दूसरे युवक के संपर्क में है पत्नी
ऋषि राज ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी का आटा क्षेत्र निवासी अभिषेक नामक युवक से संपर्क था। उसने इस संबंध में भी पुलिस को जानकारी दी, लेकिन उसके बावजूद मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसका कहना है कि यदि पुलिस समय रहते गंभीरता से जांच करती तो उसकी पत्नी का पता लगाया जा सकता था।
तीनों मासूम बच्चे अपनी मां को याद अक्सर रोते है
पत्नी के लापता होने से परिवार पूरी तरह बिखर गया है। तीनों मासूम बच्चे हिमांशु (12) पायल (10) अजय (7) अपनी मां को याद कर अक्सर रोते हैं। मजदूरी करने के साथ बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी भी अकेले ऋषि राज पर आ गई है। आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव के बीच वह लगातार पत्नी की तलाश में भटक रहा है।

