यूपी के फतेहपुर में एक 21 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटकने से मौत हो गई। पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और दहेज हत्या संबंधित अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया।
फतेहपुर में संदिग्ध परिस्थियों में नवविवाहिता की मौत
फतेहपुर: यूपी के फतेहपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां बकेवर थाना क्षेत्र के शाहजहांपुर गांव में एक 21 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटकने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर दहेज उत्पीड़न और दहेज हत्या संबंधित अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतका के पिता ने मारपीट का लगाया आरोप
मृतका के पिता रमेश ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी ने अपनी इच्छा से विनय कुमार से प्रेम विवाह किया था। विवाह के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताणित किया जाने लगा। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी के साथ आए दिन मारपीट की जाती थी। मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि दहेज उत्पीड़न के कारण उनकी बेटी की मौत हुई है। पुलिस के मुताबिक, महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटकने से मौत हुई है। मृतका का एक साल का एक मासूम बच्चा भी है।
पुलिस मामले की जांच कर रही
इस घटना के बाद से दोनों परिवारों में शोक का माहौल है। फतेहपुर पुलिस ने बताया कि इस मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

