रायबरेली जिला अस्पताल से लापता हुई 13 वर्षीय बच्ची को पुलिस ने बरामद कर लिया है। आरोप है कि बच्ची को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
रायबरेली: रायबरेली के जिला अस्पताल से करीब दो हफ्ते पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई 13 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। आरोप है कि बच्ची को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने नई बस्ती देवानंदपुर से किशोरी को बरामद किया है। पुलिस ने इस काले कारनामे में शामिल दो महिलाओं समेत मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
अस्पताल में तीमारदारी के दौरान जाल में फंसाया
सीओ सिटीआशीष निगम ने बताया कि किशोरी की नानी ने थाना मिल एरिया में तहरीर दी थी कि उसका पोता इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती था। उसकी देख-रेख 13 वर्षीय पोती कर रही थी। इसी दौरान अस्पताल में मौका पाकर आरोपी सेवी उर्फ फूलजहां और आरती सिंह ने किशोरी को बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में टीम गठित कर दबिश दी जा रही थी।
शादी का झांसा देकर की दरिंदगी
सीओ ने बताया कि सोमवार को पुलिस ने नई बस्ती देवानंदपुर में छापेमारी कर नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। जांच और पीड़िता के बयान में यह खौफनाक सच सामने आया कि आरोपी तौसीफ अहमद उर्फ गुड्डू ने किशोरी को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
रातापुर चौराहे से दबोचा गया मुख्य आरोपी
सीओ ने बताया कि मिल एरिया इंस्पेक्टर संजय कुमार ने घेराबंदी करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बाराबंकी के जैदपुर के रहने वाले तौसीफ अहमद उर्फ गुड्डू, नई बस्ती देवानंदपुर की रहने वाली आरती सिंह और बहराना की रहने वाली सेवी उर्फ फूलजहां के रूप में हुई है।
आरोपी महिला पर पहले से 2 केस दर्ज
आरोपी महिला आरती सिंह का पहले से ही आपराधित इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मिल एरिया थाने में एससी/एसटी एक्ट और बीएनएस की संगीन धाराओं में दो मुकदमे दर्ज हैं। रायबरेली पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

