Homeभारतउत्तरप्रदेश'छात्रों के सिर खुले हुए आए थे, हिटलर से तुलना क्यों न...

‘छात्रों के सिर खुले हुए आए थे, हिटलर से तुलना क्यों न करें’, लाठीचार्ज पर भड़के अखिलेश यादव

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हिंसा और नीट पेपर लीक को लेकर तीखा हमला बोला. उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई कार्रवाई की तुलना हिटलर के दौर से की और कहा कि प्राइवेट कपड़ों में लोग लाठी लेकर छात्रों को पीट रहे थे. उन्होंने दावा किया कि मंत्रियों पर इस्तीफे का दबाव इसलिए नहीं बन रहा क्योंकि उनके इस्तीफे से दबे राज खुल सकते हैं.

समाजवादी पार्टी के मुखिया और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज को लेकर भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है. समाजवादी पार्टी प्रमुख ने कहा कि भाजपा अपने मंत्रियों पर इस्तीफे का दबाव इसलिए नहीं बना पा रही क्योंकि उसे डर है कि इस्तीफा देने पर दबे हुए राज खुल जाएंगे.

उन्होंने छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की तुलना हिटलर के दौर से की और कहा कि प्राइवेट कपड़ों में लोग लाठी लेकर छात्रों को पीट रहे थे. अखिलेश ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर भी सरकार को घेरा और कहा कि उत्तर प्रदेश में अब तक 20 पेपर लीक हो चुके हैं.

अखिलेश यादव ने कहा कि सोमवार को छात्रों और युवाओं के साथ जो व्यवहार हुआ, वैसा आजादी के बाद पहले कभी नहीं देखा गया. उन्होंने बताया कि प्रदर्शन में शामिल कई छात्रों के सिर पर चोट आई, आंसू गैस के गोले चलाए गए और कुछ छात्रों की हड्डियां तक टूट गईं.

उनका कहना था कि ये छात्र दूर दूर से दिल्ली आए थे और उन्हें रास्ते तक की जानकारी नहीं थी, फिर भी वे सिर्फ सरकार की नीतियों से नाराज होकर वहां पहुंचे थे.

सपा प्रमुख ने सोशल मीडिया पर आए वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि जिस तरह हिटलर ने अपने राजनीतिक लोगों का गैंग बनाया था, उसी तरह प्राइवेट कपड़ों में कुछ लोग लाठी लेकर छात्रों को पीटते नजर आए.

उन्होंने इसे लोकतंत्र में पूरी तरह अस्वीकार्य बताया और कहा कि पार्टी लगातार इस सरकार के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी. उन्होंने सरकार से अपील की कि आंदोलनकारियों को हटाने के बजाय सम्मान के साथ खुद कुर्सी छोड़ दी जाए.

हिटलर से तुलना पर सवाल किए जाने पर अखिलेश ने कहा कि अगर वीडियो सामने आ रहे हैं तो सच्चाई सामने लाना सरकार की जिम्मेदारी है. उन्होंने पूछा कि क्या सरकार खुद इसमें शामिल है.

नीट परीक्षा को लेकर अखिलेश ने कहा कि पेपर लीक की जिम्मेदारी सरकार की है और यही वजह है कि परीक्षा दोबारा करानी पड़ी. उन्होंने दावा किया कि जहां जहां भाजपा की सरकार है, वहां पेपर लीक हो रहे हैं और अकेले उत्तर प्रदेश में 20 पेपर लीक हो चुके हैं. उन्होंने ओएमआर शीट में गड़बड़ी की शिकायतों का भी जिक्र किया.

प्रधानमंत्री द्वारा नीट मामले में सख्त कार्रवाई और सामूहिक जिम्मेदारी की बात कहे जाने पर अखिलेश ने पलटवार करते हुए कहा कि पेपर लीक न होने देना सरकार की खुद की जिम्मेदारी है, इसे सामूहिक नहीं कहा जा सकता. उन्होंने चढ़ावा चोरी मामले में बनी एसआईटी का जिक्र करते हुए कहा कि आने वाले समय में और बड़े राज खुलेंगे. आखिर में उन्होंने कहा कि घायल छात्रों का इलाज कराना और उन्हें जल्द स्वस्थ करना सरकार की जिम्मेदारी है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments