‘साहब… मेरी पत्नी को वापस दिला दीजिए…’ उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक शख्स इन दिनों इसी गुहार के साथ थाने के चक्कर लगा रहा है. उसका कहना है कि उसकी पत्नी, जो पांच बच्चों की मां है, गांव के ही एक व्यक्ति के साथ घर छोड़कर चली गई. पति का कहना है कि पत्नी जाते-जाते घर में रखे करीब 50 हजार रुपये नकद, गहने और मोबाइल फोन भी साथ ले गई. पति के मुताबिक, जिस शख्स के साथ पत्नी गई है, वह खुद भी तीन बच्चों का पिता है.
उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में अजीब कहानी सामने आई है. यहां पांच बच्चों की मां तीन बच्चों के पिता के साथ फरार हो गई. महिला के पति का आरोप है कि जिस व्यक्ति के साथ पत्नी गई है, वह अब जान से मारने की धमकी दे रहा है. वहीं पत्नी घर से कैश और जेवरात भी ले गई है. पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.
यह पूरा मामला बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के गांव का है. यहां रहने वाले व्यक्ति ने इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की है. उसका कहना है कि 12 जुलाई को उसकी पत्नी घर से गायब हो गई. जब उसने घर में देखा तो करीब 50 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और जेवरात भी गायब थे.
इसके बाद उसने अपने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला. फिर पता किया तो सामने आया कि पत्नी गांव के रहने वाले संजय के साथ चली गई है. इसके बाद वह पुलिस के पास थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई.
महिला के पति का कहना है कि उसकी पत्नी और संजय के बीच काफी समय से प्रेम संबंध चल रहा था. इसकी चर्चा गांव में भी होती रहती थी. पति का आरोप है कि अब संजय उसे फोन पर जान से मारने की धमकी भी दे रहा है. संजय भी शादीशुदा है, उसके तीन बच्चे हैं. महिला के पति ने कहा कि उसकी पत्नी को वापस दिलाया जाए, इसी के साथ संजय के खिलाफ कार्रवाई की जाए.
महिला के पति की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. इस मामले को लेकर लालगंज थाना प्रभारी ने फोन पर बताया है कि प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है, जिसमें तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है. इसकी जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

