नागदा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नागदा आगमन पर जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस नेता बसंत मालपानी ने मुख्यमंत्री से क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है।
श्री मालपानी ने कहा कि नागदा को जिला बनाने की मांग लंबे समय से लगातार उठती रही है गजट नोटिफिकेशन में नागदा को जिला बनाने की घोषणा की जा चुकी है लेकिन नागदा जिला अभी तक अस्तित्व में नहीं आया ।नागदा औद्योगिक, व्यापारिक एवं जनसंख्या की दृष्टि से महत्वपूर्ण नगर है। जिला बनने से क्षेत्र के लाखों नागरिकों को प्रशासनिक सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी तथा विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से नागदा को जिला घोषित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसानों और विद्यार्थियों के हित में नागदा अथवा खाचरोद में कृषि महाविद्यालय खोले जाने की घोषणा की जाए, जिससे कृषि शिक्षा एवं आधुनिक खेती को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के युवाओं को बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
श्री मालपानी ने उज्जैन–जावरा मार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस मार्ग पर अब तक सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से जनहित में इस मार्ग का फोर लेन की तर्ज पर चौड़ीकरण कराने की मांग की, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
उन्होंने मुख्यमंत्री को याद दिलाया कि बादीपुरा, नागदा की सभा के दौरान झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले हजारों परिवारों को पट्टे देने की घोषणा की गई थी, लेकिन आज तक उस पर अमल नहीं हो सका है। उन्होंने मांग की कि सरकार शीघ्र कार्रवाई कर सभी पात्र रहवासियों को भूमि के पट्टे प्रदान करे, ताकि उन्हें स्थायी आवास और सुरक्षा का अधिकार मिल सके।
श्री मालपानी ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने नागदा प्रवास के दौरान क्षेत्र की इन महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात देंगे। नागदा से जीवनलाल जैन की रिपोर्ट।

