महाराष्ट्र के सातारा जिले में बुधवार सुबह करंट की चपेट में आने से एक दंपति और उनके दो बच्चों की मौत हो गई। घटना फलटण तालुका के खामगांव गांव में सुबह करीब छह बजे हुई। फलटण थाने के एक अधिकारी ने कहा कि शुरुआती जांच से ऐसा प्रतीत होता है कि परिवार घर के बाहर बिजली के एक तार के संपर्क में आ गया और उन्हें बिजली का झटका लगा।
सतारा में पूरे परिवार की करंट से मौत
महाराष्ट्र के सतारा से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां एक ही परिवार के चार लोगों को करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, खामगांव में एक प्राइवेट इंग्लिश-मीडियम स्कूल के पास रहने वाले सतीश उर्फ पिसुरड्या किसान शिंदे (45) सबसे पहले अपने घर के बाहर बिजली के एक चालू तार के संपर्क में आए। उन्हें बिजली का झटका लगते देख उनकी पत्नी गंगुबाई शिंदे (40), बेटे सचिन शिंदे (26) और बेटी आरती शिंदे (24) उन्हें बचाने के लिए दौड़े। लेकिन, वे भी उस चालू तार के संपर्क में आ गए और उन्हें भी बिजली का झटका लगा। चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
सतारा के पुलिस अधीक्षक निखिल पिंगले ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि एक केबल टूट गई और ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन के संपर्क में आने से उसमें करंट आ गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद फलटन ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची और शुरुआती जांच की। बाद में शवों को पोस्टमार्टम के लिए फलटन उप-जिला अस्पताल भेजा गया।
लापरवाही किसकी, पुलिस कर रही जांच
फलटन पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि आशंका है कि तार के संपर्क में आने से एक व्यक्ति को बिजली का झटका लगा और परिवार के अन्य सदस्य उसे बचाने दौड़े, जिससे उन्हें भी बिजली का झटका लगा। पुलिस अब जांच कर रही है कि घर के बाहर तार में करंट कैसे आया, दुर्घटना का कारण क्या था और क्या इसमें कोई लापरवाही बरती गई थी। घटना का सही कारण जांच पूरी होने के बाद ही पता चलेगा।
पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मौत की रिपोर्ट दर्ज की है। एक अलग घटना में, शनिवार को नालासोपारा में अपने घर के अंदर बिजली का झटका लगने से 20 वर्षीय कॉलेज छात्र वेदांत सावंत की मौत हो गई। उनकी मौत के साथ ही मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) में एक सप्ताह के भीतर मॉनसून से जुड़ी बिजली के झटके से मरने वालों की संख्या छह हो गई है।
अडवाइजरी जारी
मॉनसून के दौरान बिजली का झटका लगने की घटनाएं बढ़ने के कारण, महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (MSEDCL) ने लोगों से बिजली के उपकरणों और बिजली लाइनों के आसपास अतिरिक्त सावधानी बरतने का आग्रह करते हुए जन सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है।
एडवाइजरी में लोगों से गीले बिजली के उपकरणों को न छूने या गीले हाथों से बिजली के उपकरणों का इस्तेमाल न करने का आग्रह किया गया है। इसमें यह भी सलाह दी गई है कि अगर बिजली वाले हिस्सों में पानी घुस जाए तो मुख्य बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाए और केवल ISI-प्रमाणित बिजली के उत्पादों का ही इस्तेमाल किया जाए।

