Homeभारतउत्तरप्रदेशलखनऊ अग्निकांड के बाद संभल में एक्शन: सपा विधायक के बेटे के...

लखनऊ अग्निकांड के बाद संभल में एक्शन: सपा विधायक के बेटे के मॉल समेत दो पर छापा, एक को कराया बंद

उत्तरप्रदेश के लखनऊ के भीषण अग्निकांड से सबक लेते हुए संभल में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने पर समाजवादी पार्टी के विधायक के बेटे के मॉल सहित दो मॉल पर औचक छापेमारी की गई है. इस दौरान भारी कमियां मिलने पर प्रशासन ने एक मॉल को तुरंत बंद करा दिया.

संभल के सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार और सीओ कुलदीप कुमार ने पुलिस फोर्स के साथ मुरादाबाद और बहजोई रोड पर स्थित दो मॉल पर औचक छापेमारी कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की. लखनऊ अग्निकांड के बाद जिला प्रशासन ने आग की घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से मुरादाबाद रोड पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख के ‘सी मार्ट मॉल’ और बहजोई रोड पर सपा विधायक इकबाल महमूद के बेटे शान इकबाल के ‘सिटी मार्ट मॉल’ पर यह कार्रवाई की. जांच में सी मार्ट का इमरजेंसी एग्जिट गेट बंद और फायर सिलेंडर एक्सपायर मिले, जिसके बाद उसे बंद करा दिया गया, जबकि विधायक पुत्र के मॉल में स्मोक डिटेक्टर और नक्शा न मिलने पर जवाब तलब किया गया है.

सी मार्ट में मिले 2024 के एक्सपायर्ड सिलेंडर, प्रशासन ने जड़ा ताला

प्रशासनिक टीम जब मुरादाबाद रोड स्थित पूर्व ब्लॉक प्रमुख के सी मार्ट मॉल पर पहुंची, तो वहां एंट्री और इमरजेंसी एग्जिट गेटों की जांच की गई. जांच के दौरान मॉल का इमरजेंसी एग्जिट गेट पूरी तरह बंद मिला, जिससे आपात स्थिति में लोग बाहर न निकल सकें. इसके अलावा मॉल के भीतर लगे हुए फायर सिलेंडर दो साल पहले यानी 2024 में ही एक्सपायर हो चुके थे. नियमों का ऐसा गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर सिटी मजिस्ट्रेट ने पुलिस बल की मौजूदगी में सी मार्ट मॉल को तुरंत बंद करवा दिया.

इसके बाद टीम बहजोई रोड पर स्थित सपा विधायक इकबाल महमूद के बेटे शान इकबाल के सिटी मार्ट मॉल पहुंची. वहां फायर सेफ्टी की जांच के दौरान मॉल के अंदर किसी भी जगह पर स्मोक डिटेक्टर लगे हुए नहीं मिले. अधिकारियों ने जब भवन का नक्शा मांगा, तो विधायक पुत्र मौके पर नक्शा नहीं दिखा सके और उन्होंने इसके लिए समय मांगा. प्रशासन ने दोनों मॉल संचालकों को सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ तलब किया है और जांच रिपोर्ट डीएम को भेजने की तैयारी की है.

अधिकारियों ने कहा- कमियों पर तैयार हो रही विस्तृत रिपोर्ट

सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार और सीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि दोनों मॉल में फायर सेफ्टी के पर्याप्त उपकरण नहीं मिले हैं. सी मार्ट का एग्जिट गेट बंद था और सिलेंडर 2024 के एक्सपायर्ड थे. वहीं सिटी मार्ट में भी व्यवस्थाएं अधूरी थीं और नक्शा नहीं दिखाया गया, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो सका कि नक्शा पास है या नहीं. लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है. इन सभी कमियों को शामिल कर एक संयुक्त विस्तृत आख्या तैयार करके जिलाधिकारी (डीएम) को सौंपी जा रही है.

विधायक पुत्र बोले- कमियों को जल्द किया जा रहा है पूरा

मॉल संचालक और विधायक पुत्र शान इकबाल ने प्रशासनिक कार्रवाई पर कहा कि यह एक औचक निरीक्षण था, जिसमें अधिकारियों को कुछ कमियां मिली हैं. प्रशासन द्वारा जो भी चीजें बताई गई हैं, उनके इंतजाम किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि मॉल को दो साल पहले किसी अन्य व्यक्ति से खरीदा गया था, इसलिए नक्शा ढूंढकर प्रशासन को दिखाया जाएगा. उन्होंने दावा किया कि मॉल में फायर अलार्म लगा हुआ है और छोटे वाले फायर सिलेंडर लगवाने के लिए ऑर्डर दे दिया गया है, जो जल्द ही लग जाएंगे.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments