गाजीपुर पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल के तहत जमानिया स्टेशन के पश्चिम की तरफ एक बड़ा हादसा टल गया।
गाजीपुर: पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल के तहत जमानिया स्टेशन के पश्चिम की तरफ किलोमीटर संख्या 712 के पास स्टार्टर सिग्नल के निकट एक बड़ा रेल हादसा ड्राइवर की सतर्कता से टल गया। अप लाइन पर रेल पटरी पर पड़ा मालगाड़ी का लोहे का गेट (डाला) दानापुर से बेंगलुरु जा रही अप 2296 संघमित्रा एक्सप्रेस के इंजन से टकरा गया। अब इस मामले में जांच करने के बाद दोषियों पर कार्रवाई की बात रेलवे के उच्च अधिकारियों के ओर से की जा रही है।
इस मामले में लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगा कर दुर्घटना को टाल दिया। ड्राइवर ने ट्रेन रोकने के बाद इंजन से उतरकर रेल पटरी पर पड़े मालगाड़ी के गेट को ट्रैक से हटाकर किनारे रख दिया। इस दौरान ट्रेन करीब पांच मिनट रुकी रही। इस घटना को लेकर लोको पायलट ने वॉकी-टॉकी से सूचना जमानिया स्टेशन को दिया। वहां से इस घटना की सूचना दानापुर रेल कंट्रोल को मिली। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार को दानापुर मंडल के वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त उदय सिंह पवार ने जमानिया पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ दिलदारनगर आरपीएफ पोस्ट प्रभारी गणेश सिंह राणा और बक्सर आरपीएफ निरीक्षक कुंदन कुमार मौजूद रहे।
कर्मचारियों से पूछताछ की
वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त ने इस मामले में कर्मचारियों से पूछताछ की। इसके साथ ही इस घटना की विस्तृत जानकारी भी लिया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन शाम करीब 6:40 बजे एक मालगाड़ी इस ट्रैक से गुजरी थी। उसके बाद कई ट्रेनों का इस ट्रैक से आना जाना हुआ लेकिन किसी भी ड्राइवर को पटरी पर गेट दिखाई नहीं दिया। ऐसे में संघमित्रा एक्सप्रेस के गुजरने के समय ही रेल पटरी पर मालगाड़ी का गेट मिलना खुद में कई सवाल छोड़ जाता है।
जांच जारी
मंडल सुरक्षा आयुक्त उदय सिंह पवार ने बताया कि मालगाड़ी का गेट किन परिस्थितियों में रेल पटरी पर पहुंचा, इसकी अलग अलग एंगल से जांच की जा रही है। 6 जुलाई को दानापुर मंडल में संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई है। इसमें जांच रिपोर्ट पर चर्चा कर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

