पुणे के लोनावला में हुए केतन अग्रवाल मर्डर केस में बड़ा खुलासा हुआ है। हत्या के बाद केतन का फोन उसकी मंगेतर सिया के पास था, जिससे सबूत मिटाने का शक गहरा गया है।
मंगेतर सिया के पास ही था केतन का फोन
पुणे: लोहागढ़ किले में हुए 26 वर्षीय केतन अग्रवाल हत्याकांड में एक नया और बेहद चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। पुलिस जांच में यह बात निकलकर आई है कि केतन की मौत के बाद उसका मोबाइल फोन काफी समय तक उसकी मंगेतर सिया गोयल के पास ही था।
सिया ने बाद में यह फोन केतन के परिवार को सौंप दिया था। हालांकि, अब पुणे ग्रामीण पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि क्या फोन सिया के पास रहने के दौरान उसमें से कोई अहम सबूत या चैट डिलीट किए गए हैं।
मंगेतर और उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप
बता दें कि केतन अग्रवाल की आगामी नवंबर में सिया से शादी होने वाली थी। इसके लिए जयपुर में 17 करोड़ रुपये का महल बुक किया गया था। लेकिन शादी से पहले ही सिया और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर कथित तौर पर केतन को लोनावला के लोहागढ़ किले की पहाड़ी से नीचे धकेल कर मौत के घाट उतार दिया। फिलहाल दोनों आरोपी 3 जुलाई तक पुलिस हिरासत में हैं।
क्राइम सीन रीक्रिएशन और साइंटिफिक टेस्ट की तैयारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रविवार को आरोपी सिया की मौजूदगी में डमी को पहाड़ी से नीचे फेंककर क्राइम सीन रीक्रिएट किया। इसके बाद सह-आरोपी चेतन को भी किले पर ले जाकर घटनाक्रम को दोहराया गया।
अब पुलिस इस मामले में सीसीटीवी फुटेज की सच्चाई परखने के लिए ‘गेट एनालिसिस’ यानी चाल ढाल का वैज्ञानिक अध्ययन कराने की योजना बना रही है। दरअसल, बचाव पक्ष का दावा है कि सीसीटीवी में दिख रहा शख्स चेतन नहीं है, जिसे पुलिस इस टेस्ट के जरिए खारिज करना चाहती है। केतन को सिया और चेतन के अफेयर पर शक था, और उसने अपने पिता से सिया का बैकग्राउंड चेक कराने को भी कहा था।

