गोरखपुर में भाजपा कार्यक्रम के दौरान सांसद रवि किशन ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें विकास के मुद्दों पर राजनीति करनी चाहिए।
गोरखपुर: भाजपा सांसद रवि किशन ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को अपराधियों के एनकाउंटर पर सवाल उठाने के बजाय प्रदेश के विकास और जनहित के मुद्दों पर राजनीति करनी चाहिए। रवि किशन ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में जिन लोगों का एनकाउंटर हुआ है, वे अपराधी थे और प्रदेश की योगी सरकार अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।
‘चुनाव नजदीक हैं, इसलिए ऐसे बयान दे रहे हैं’
रविवार को गोरखपुर में भाजपा के एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे सांसद रवि किशन ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि इन दिनों सपा प्रमुख अखिलेश यादव लगातार प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव पुलिस एनकाउंटर को लेकर भी सरकार को घेरने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि पुलिस कार्रवाई केवल उन अपराधियों के खिलाफ हुई है जिन्होंने पुलिस पर गोली चलाई, आम जनता को परेशान किया या निर्दोष लोगों के खिलाफ गंभीर अपराध किए।
रवि किशन ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही विपक्ष इस तरह के मुद्दे उठाकर राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन प्रदेश की जनता सब कुछ समझती है और सरकार की मंशा से पूरी तरह परिचित है।
‘अपराधियों को कभी बख्शने वाली नहीं है योगी सरकार’
भाजपा सांसद ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जो भी अपराधी पुलिस पर हमला करेगा, समाज में भय का वातावरण पैदा करेगा या गरीबों, पिछड़ों और कमजोर वर्गों पर अत्याचार करेगा, उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अक्षय कुमार संग अक्षरा सिंह ने दिए पोज, बीच में राजपाल यादव की एंट्री ने दिल जीत लिया!
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भी जानती है कि योगी सरकार अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शने वाली नहीं है।
‘विकास की राजनीति करें, अनमेच्योर्ड बातें नहीं’
रवि किशन ने अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें विकास के मुद्दों पर आधारित राजनीति करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और प्रदेश की पहचान बदल रही है।
उन्होंने कहा कि कभी उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था, लेकिन आज वही प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार ने सबसे अधिक मेडिकल कॉलेज, स्कूल, विश्वविद्यालय, सड़कें और बेहतर बिजली व्यवस्था उपलब्ध कराई है। ऐसे में राजनीतिक बहस इन विकास कार्यों पर होनी चाहिए, न कि अपराधियों के एनकाउंटर जैसे मुद्दों पर।
‘सभ्य लोगों का नहीं, अपराधियों का होता है एनकाउंटर’
एनकाउंटर के मुद्दे पर रवि किशन ने कहा कि किसी सभ्य या निर्दोष व्यक्ति का एनकाउंटर नहीं होता। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर कई-कई आपराधिक मुकदमे दर्ज थे, जो समाज में आतंक का माहौल बना रहे थे, गरीबों और पिछड़ों पर अत्याचार कर रहे थे तथा पुलिस पर गोली चला रहे थे, उन्हीं के खिलाफ कार्रवाई हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
‘जो समाज के लिए खतरा बनेगा, उसका एनकाउंटर होगा’
रवि किशन ने अपने बयान में कहा कि जो भी व्यक्ति समाज के लिए खतरा बनेगा और कानून को चुनौती देगा, उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रदेश में कानून का राज स्थापित करना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है

