Homeभारतउत्तरप्रदेशघर पर चल रहा था तेरहवीं का भोज, अचानक जिंदा लौट आया...

घर पर चल रहा था तेरहवीं का भोज, अचानक जिंदा लौट आया गिरधर, गाजियाबाद के वैशाली इलाके का हैरान करने वाला मामला

उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद के वैशाली इलाके के कल्पना अपार्टमेंट में बुधवार को गिरधर सिंह बिष्ट (38) की तेरहवीं का खाना चल रहा था। लेकिन इस दौरान गिरधर सिंह सकुशल घर लौट आया।

गाजियाबाद के वैशाली इलाके में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान हो गया। गाजियाबाद के वैशाली इलाके के कल्पना अपार्टमेंट में बुधवार को गिरधर सिंह बिष्ट (38) की तेरहवीं का खाना चल रहा था। लेकिन इस दौरान गिरधर सिंह सकुशल घर लौट आया।

उसे देख मेहमानों और परिजनों के होश उड़ गए। इस घटना ने गाजियाबाद पुलिस की शिनाख्त प्रणाली और खुद परिवार की नीयत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

परिवार ने अंतिम संस्कार कर दिया

दरअसल बीते महीने 16 मई को स्थानीय दुकानदारों से किसी बात पर विवाद होने के बाद कौशाम्बी थाना पुलिस ने गिरधर को धारा 151 के तहत शांति भंग में डासना जेल भेज दिया था। इसके बाद 21 मई को वह जेल से रिहा तो हुआ, लेकिन अपने घर नहीं पहुंचा। परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। इसी बीच 13 जून को मसूरी थाना क्षेत्र में पुलिस को एक अज्ञात शख्स का शव मिला। सूचना मिलने पर गिरधर के परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस के सामने शव की पहचान गिरधर के रूप में कर दी। जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर और पोस्टमार्टम कराकर उस शव को गिरधर के परिवार को सौंप दिया। जिसके बाद परिवार ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।

इसके अगले दिन गिरधर के परिजनों ने कौशाम्बी थाने पर जमकर हंगामा काटा था और स्थानीय दुकानदारों पर गिरधर की हत्या का आरोप लगाते हुए मसूरी थाने में मुकदमा भी दर्ज करा दिया था। अब सबसे बड़ा सवाल ये खड़ा हो रहा है कि कोई भी परिवार अपने सगे सदस्य के शव को पहचानने में इतनी बड़ी चूक कैसे कर सकता है? क्या यह सिर्फ जल्दबाजी थी या फिर पुलिस और विरोधी पक्ष पर दबाव बनाने की कोई सोची-समझी साजिश?

इस पूरे घटनाक्रम ने गाजियाबाद पुलिस की कार्यप्रणाली की भी पोल खोलकर रख दी है। मसूरी पुलिस ने बिना किसी डीएनए टेस्ट या जांच के सिर्फ परिजनों के शिनाख्त करने पर शव उन्हें सौंप दिया। जिससे पुलिस पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस प्रकरण में अब उसके सामने दो बड़ी चुनौतियां हैं। पहली यह पता लगाना कि गिरधर इतने दिन कहां और क्यों गायब था और दूसरी सबसे गंभीर बात कि वो अज्ञात शव किसका था जिसका पुलिस ने अंतिम संस्कार करवा दिया?

इस संबंध में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी गिरधर कुछ कहने की स्थिति में नहीं है। नॉर्मल होने पर उससे और परिवार से पूछताछ की जाएगी। जो भी तथ्य निकलकर सामने आएगा उसके आधार पर इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल परिजनों को भी गिरधर से ज्यादा सवाल-जवाब न करने और उसे परेशान ना करने को बोला गया है। साथ में उस पर नजर रखने को भी कहा गया है। पुलिस ने घर पहुंचकर उससे पूछताछ का प्रयास किया लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments