नागदा। माहेश्वरी समाज नागदा के तत्वावधान में समाज के उत्पत्ति दिवस महेश नवमी महोत्सव 2026 के अंतर्गत उज्जैन जिला स्तरीय मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन स्नेहकुंज गार्डन, नागदा में किया गया। समारोह में उज्जैन जिले के विभिन्न नगरों से आए प्रतिभाशाली एवं मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में रतलाम विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष गोविंद काकाणी, डिप्टी कलेक्टर सुश्री पूर्णिमा सिंघी, देवास माहेश्वरी समाज जिलाध्यक्ष कैलाश डागा एवं उज्जैन जिला माहेश्वरी सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. वासुदेव काबरा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिदपुर सिटी के पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश राठी ने की।
अतिथियों ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन एवं समाज सेवा के मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समाज की गौरवशाली परंपरा है, जो नई पीढ़ी को उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करती है।
इस अवसर पर माहेश्वरी समाज नागदा के अध्यक्ष घनश्याम राठी, सचिव प्रतीक गगरानी, बंसीलाल राठी, देवकरण डांगरा, जगदीशचंद्र भूतड़ा, सतीश बजाज,नरेन्द्र राठी, प्रदीप राठी, राजेन्द्र मालपानी, मनोज राठी, सुभाष गगरानी, प्रशांत राठी, उज्जैन माहेश्वरी महिला संगठन की निवर्तमान जिलाध्यक्ष सीमा मालपानी, माहेश्वरी महिला मंडल अध्यक्ष वर्षा झंवर, अंजू आगीवाल, प्रियंका राठी, उर्मिला डांगरा, सीमा राठी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन माहेश्वरी महिला मंडल की श्रीमती निक्की राठी एवं श्रीमती मोनिका लड्ढा ने किया। अंत में माहेश्वरी समाज नागदा के सचिव प्रतीक गगरानी ने सभी अतिथियों, सम्मानित विद्यार्थियों एवं उपस्थित समाजजनों का आभार व्यक्त किया।
समारोह में विद्यार्थियों की उल्लेखनीय उपलब्धियों का सम्मान कर उन्हें प्रोत्साहित किया गया तथा समाज के शैक्षणिक उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प लिया गया।

