वडोदरा। गुजरात में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद वडोदरा के बापोड़ पुलिस स्टेशन क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके के कुछ स्थानों पर देसी और विदेशी शराब की खुलेआम बिक्री हो रही है, जिससे क्षेत्र का माहौल लगातार बिगड़ता जा रहा है। सूत्रों के अनुसार शाम होते ही कथित रूप से शराब तस्करों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं। इससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाया है कि यदि अवैध गतिविधियां खुलेआम संचालित हो रही हैं तो संबंधित एजेंसियों द्वारा प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि अवैध शराब कारोबार के कारण सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है और आमजन में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। अब लोगों की निगाहें वडोदरा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और राज्य के गृह विभाग पर टिकी हैं। नागरिकों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध शराब कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून का राज स्थापित हो सके और जनता को राहत मिल सके।

