ग्रेटर नोएडा में रहने वाली 55 साल की महिला के पति की मौत हो चुकी है। उसने अशफाक पर पहचान छिपाकर 10 साल तक शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है।
मुजफ्फरनगर: ग्रेटर नोएडा में रहने वाली 55 साल की एक विधवा महिला ने मुजफ्फरनगर निवासी अशफाक पर राजू उर्फ राजीव बनकर उसे अपने प्रेम जाल में फंसाने और दस साल तक शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस शिकायत में महिला ने बताया कि अशफाक का परिवार उसे जबरदस्ती न केवल नमाज पढ़वा रहे बल्कि मांस खाने को मजबूर भी कर रहे है। अशफाक ने फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की शादी का उदाहरण देते हुए उसका धर्म परिवर्तन करा दिया और नूरजहां नाम दे दिया। पुलिस आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन कर रही है।
महिला ने पुलिस को बताया कि 2016 में उसकी मुलाकात एक कार्यक्रम में मोरना गांव के रहने वाले अशफाक से हुई। उस समय अशफाक ने अपने को हिंदू बताया और कहा कि उसका नाम राजू उर्फ राजीव बालियान है। वह विधवा थी, उसे बच्चों के पालन पोषण में जीवन जीने के लिए एक सहारे की जरूरत थी। आरोपी ने इसी के फायदा उठाकर उसे अपने जाल में फंसा लिया।
अशफाक शादीशुदा और 5 बच्चों का बाप
पीड़ित महिला ने ये भी आरोप लगाया कि अशफाक ने अपनी पहचान लंबे समय तक छिपा कर रखी। इसके बाद एक दिन उसके फोन पर किसी ने अशफाक नाम लेते हुए बात करवाने को कहा तो उसका राज पता चला। पीड़िता ने बताया कि बाद में जानकारी करने पर ये भी पता चला कि आरोपी शादीशुदा है और पांच बच्चों का पिता भी है। अब अशफाक का परिवार उसे न केवल नमाज पढ़ने ओर मांस खाने के लिए मजबूर कर रहे है बल्कि धर्म परिवर्तन भी करा दिया।
और भी हिंदू महिलाओं का शोषण करने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया है कि अशफाक ने उसका विश्वास जीतने के बाद नोएडा स्थित फ्लैट बेचने को मजबूर किया। आरोपी के चंगुल में और भी हिंदू महिलाएं फंसी हुई हैं। वह सभी के साथ शारीरिक शोषण के साथ ठगी का भी काम कर रहा है।
हिंदू संघर्ष समिति के लोगों के साथ थाने पहुंची महिला
पीड़िता हिंदू संघर्ष समिति के लोगों को साथ लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंची ओर अशरफ के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तत्काल आरोपी अशफाक ओर उसके परिवार के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकद्दमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्या बोले सीओ भोपा
इस मामले में सीओ भोपा ने बताया कि ग्रेटर नोएडा निवासी महिला द्वारा शादी का झांसा देकर धर्म परिवर्तन कराने संबंधी तहरीर दी गई है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की विवेचना की जा रही है। पुलिस आरोपों की सत्यता की जांच कर रही है तथा नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास भी शुरू कर दिए गए हैं।

