भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष उमा चौबे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रदेश सरकार का माना आभार
‘नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112’ और ‘मोबाइल फॉरेंसिक वैन’ से प्रदेश की जनता-जनार्दन होगी अधिक सुरक्षित
हेमंत वर्मा संवाददाता : रायपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष श्रीमती उमा चौबे ने छत्तीसगढ़ पुलिस की अत्याधुनिक ‘नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112 सेवा’ तथा ‘मोबाइल फॉरेंसिक वैन’ के शुभारंभ को प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक एवं सुरक्षा की दृष्टि से अभूतपूर्व सौगात बताया है। उन्होंने इस पहल के लिए केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह तथा छत्तीसगढ़ की संवेदनशील विष्णुदेव साय सरकार के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
श्रीमती चौबे ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह द्वारा 400 अत्याधुनिक डायल-112 वाहनों एवं 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करना यह सिद्ध करता है कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ को अपराध-मुक्त एवं सुरक्षित बनाने के लिए पूर्णतः संकल्पित हैं।
‘एक्के नंबर, सब्बो बर’ थीम पर आधारित यह आधुनिक सेवा पुलिस, अग्निशमन और चिकित्सा सेवाओं को एक ही मंच पर एकीकृत करती है। अब प्रदेश की महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों को किसी भी आपात स्थिति में भटकना नहीं पड़ेगा। एक ही नंबर पर त्वरित सहायता उपलब्ध होगी।
इन वाहनों में स्मार्टफोन, जीपीएस, वायरलेस रेडियो, पीटीजेड कैमरा, डैश कैम, मोबाइल एनवीआर और सोलर बैकअप जैसी अत्याधुनिक तकनीकें शामिल हैं। इससे घटनास्थल की लाइव मॉनिटरिंग और रियल-टाइम ट्रैकिंग संभव होगी, जो अपराधियों पर लगाम कसने में निर्णायक साबित होगी।
‘सटीक जाँच, त्वरित न्याय’ के ध्येय की सराहना करते हुए श्रीमती चौबे ने कहा कि लगभग 65 लाख रुपये प्रति यूनिट लागत वाली 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन प्रदेश के 33 जिलों में अपराध अनुसंधान को नई वैज्ञानिक दिशा देंगी। इससे न्यायालयों में मामलों का निपटारा भी तेजी से होगा और अपराधियों को शीघ्र सजा मिल सकेगी।
उन्होंने प्रदेश की समस्त मातृशक्ति एवं नागरिकों की ओर से इस अभूतपूर्व सौगात के लिए केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री/गृह मंत्री श्री विजय शर्मा का आभार प्रकट किया। श्रीमती चौबे ने कहा कि भाजपा सरकार का यह कदम छत्तीसगढ़ में सुशासन और ‘भयमुक्त समाज’ की स्थापना में सबसे मजबूत स्तंभ बनेगा।

