नागदा। शासकीय कन्या महाविद्यालय नागदा में राष्ट्रीय सेवा योजना, रेड रिबन क्लब एवं जेंडर क्लब के संयुक्त तत्वावधान में हरियाली अमावस्या के अवसर पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. के.सी. मिश्रा सहित समस्त स्टाफ एवं छात्राओं ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. के.सी. मिश्रा ने की। इस अवसर पर मानसिक स्वास्थ्य विषय पर व्याख्यान भी आयोजित किया गया। वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. डी.के. बुधौलिया ने मानसिक स्वास्थ्य के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य व्यक्ति के जीवन, सोच, भावनाओं एवं कार्यक्षमता में संतुलन बनाए रखने के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य की आवश्यकता एवं महत्व के बारे में छात्राओं को जानकारी दी।
श्री रचित चौहान ने कहा कि खेल एवं नियमित व्यायाम के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है। डॉ. भूपेंद्र रठा ने भी छात्राओं को मार्गदर्शन प्रदान किया।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत छात्राओं की क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके साथ ही छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अलका चौहान ने किया तथा आभार डॉ. उदय सिंह गुर्जर ने माना। कार्यक्रम में महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। नागदा से जीवनलाल जैन की रिपोर्ट

