अमेठी: रक्षाबंधन के पावन पर्व से ठीक पहले उत्तर प्रदेश के लाखों रेल यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए भारतीय रेलवे ने खुशियों का पिटारा खोल दिया है। अमेठी और आसपास के जिलों के लोगों को रेलवे ने एक बड़ी सौगात दी है। अब श्रद्धालुओं को भगवान कामतानाथ के दर्शन और चित्रकूट धाम की परिक्रमा के लिए बार-बार ट्रेन बदलने के झंझट से हमेशा के लिए मुक्ति मिल गई है।
रेल मंत्रालय ने यात्रियों की भारी भीड़ और सहूलियत को ध्यान में रखते हुए मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़–कानपुर सेंट्रल इंटरसिटी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 14123/14124) का विस्तार चित्रकूट धाम कर्वी तक कर दिया है। इतना ही नहीं, यात्रियों को कंफर्म सीट मिल सके और क्षमता में इजाफा हो, इसके लिए ट्रेन में बोगियों (कोच) की संख्या 12 से बढ़ाकर सीधे 24 (दोगुनी) कर दी गई है। बीजेपी का दावा है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की पहल पर क्षेत्रवासियों को ये सौगात मिली है।
क्या बदला ट्रेन में?
नया नाम: अब यह ट्रेन ‘मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़–चित्रकूट धाम कर्वी एक्सप्रेस’ के नाम से पटरी पर दौड़ेगी।
डबल कैपेसिटी: 24 कोच होने से अब दोगुने यात्री एक साथ आरामदायक सफर कर सकेंगे।
इन यात्रियों को होगा सीधा फायदा
इस ट्रेन के विस्तार से न केवल अमेठी बल्कि कई जिलों के यात्रियों का सफर बेहद आसान हो जाएगा।
रूट के मुख्य स्टेशन: रायबरेली, लखनऊ, कानपुर, हमीरपुर रोड, बांदा और अतर्रा होते हुए यह ट्रेन चित्रकूट धाम कर्वी पहुंचेगी।
लोकल स्टेशनों को राहत: अंतू, अमेठी, गौरीगंज, कासिमपुर, जायस और फुरसतगंज समेत कई स्टेशनों के यात्रियों को चित्रकूट के लिए सीधी कनेक्टिविटी मिल गई है।
स्मृति ईरानी की मांग पर फैसला
बीजेपी जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी द्वारा अमेठी के लोगों की सुविधा के लिए उठाई गई मांग पर रेल मंत्रालय ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

