बदायूं के बिसौली विधायक आशुतोष मौर्य की फॉर्च्यूनर कार की अर्टिगा से भीषण टक्कर हो गई। हादसे में विधायक, चालक और गनर समेत सात लोग घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में रविवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के बिसौली विधानसभा क्षेत्र से विधायक आशुतोष मौर्य उर्फ राजू सड़क हादसे में घायल हो गए। वजीरगंज थाना क्षेत्र में एमएफ हाईवे पर गंगा एक्सप्रेसवे के पास बनकोटा गांव के निकट उनकी फॉर्च्यूनर कार की सामने से आ रही अर्टिगा कार से आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में विधायक, उनके चालक और गनर समेत दोनों वाहनों में सवार कुल सात लोग घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल बिसौली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
रविदास जयंती कार्यक्रम में जा रहे थे विधायक
जानकारी के अनुसार विधायक आशुतोष मौर्य अपने बदायूं स्थित आवास से विधानसभा क्षेत्र के गांव बगरैन में आयोजित रविदास जयंती शोभायात्रा में शामिल होने के लिए निकले थे। उनकी फॉर्च्यूनर में चालक मुकेश और गनर देव सिंह भी सवार थे।
बनकोटा गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रही अर्टिगा कार से उनकी गाड़ी की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी तेज कि दोनों गाड़ियों के उड़े परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में विधायक के कंधे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। चालक मुकेश और गनर देव सिंह भी घायल हुए हैं।
दतिया: बीजेपी की प्रचार गाड़ी पर हमला, आजाद समाज पार्टी के समर्थकों ने फाड़े आशुतोष तिवारी के पोस्टर
वहीं अर्टिगा कार में सवार मुडिया धुरेकी निवासी अरविंद मिश्रा, राजेश और दो अन्य लोग भी घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही वजीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारु कराया।
पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
हालत खतरे से बाहर
हादसे की सूचना मिलते ही विधायक आशुतोष मौर्य के समर्थकों और शुभचिंतकों की भीड़ अस्पताल पहुंच गई।
गौरतलब है कि आशुतोष मौर्य उर्फ राजू राज्यसभा चुनाव के दौरान भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में मतदान करने के बाद प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय रहे थे। फिलहाल डॉक्टरों के अनुसार विधायक की हालत खतरे से बाहर है और सभी घायलों का इलाज जारी है।

