उत्तर प्रदेश के बलरामपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. कोतवाली देहात क्षेत्र के झौहना गांव के मजरा गोसाईंपुरवा में एक घर के अंदर पति, पत्नी और उनके दो छोटे बच्चों के शव मिले हैं. पुलिस को मौके से तमंचे, खोखे और एक मोबाइल मिला है. मोबाइल में एक वीडियो है, जिसमें मृतक लेन-देन के विवाद में पूरे परिवार के साथ जान देने की बात करता दिखाई दे रहा है.
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में एक घर के भीतर जो मंजर था, उसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया. एक ही परिवार के चार लोग मृत मिले- पति, पत्नी, तीन साल की बेटी और 10 महीने का बेटा. पुलिस को मौके से हथियार मिले हैं, जबकि एक मोबाइल में ऐसा वीडियो भी मिला है, जिसमें मृतक पूरे परिवार के साथ जान देने की बात करता दिखाई दे रहा है. पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह साफ हो सकेगी.
घटना बलरामपुर के कोतवाली देहात क्षेत्र के झौहना गांव के मजरा गोसाईंपुरवा की है. शुक्रवार की शाम करीब 6:30 बजे गांव के बाहर बने एक मकान से गोलियों की आवाज सुनाई देने के बाद आसपास हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो घर के अंदर 28 साल के बजरंगी गिरि, उसकी 25 वर्षीय पत्नी कोमल, तीन साल की बेटी और 10 महीने के बेटे के शव पड़े मिले.
मौके से पुलिस ने दो तमंचे, कई खोखे और अन्य चीजें बरामद की हैं. मृतक के भाई रामकुमार ने पुलिस को एक और तमंचा सौंपा. इसके अलावा घर से खून लगी कैंची, खून के छींटों वाला एक बक्सा और दो मोबाइल भी मिले हैं. पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइल में एक वीडियो मिला है, जिसमें बजरंगी गिरि कथित तौर पर लेन-देन के विवाद का जिक्र करते हुए पूरे परिवार के साथ आत्महत्या करने की बात कह रहा है. पुलिस इस वीडियो की भी जांच कर रही है.
शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला कि बजरंगी, उसकी पत्नी कोमल और बेटी के शरीर पर गोली लगने के निशान हैं. वहीं 10 महीने के बेटे के शरीर पर चोट के निशान हैं, गोली लगने का निशान नहीं है. पुलिस का कहना है कि उसकी मौत किस वजह से हुई, इसका पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही एसपी विकास कुमार, एएसपी विशाल पांडेय और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने करीब तीन घंटे तक घटनास्थल का जायजा किया और सबूत जुटाए. इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
बलरामपुर के एसपी विकास कुमार ने बताया कि फिलहाल सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है. घटनास्थल से मिले साक्ष्य, वीडियो और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. एक ही परिवार के चार लोगों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इस घर के अंदर ऐसा क्या हुआ, जिसने पूरे परिवार की जिंदगी खत्म कर दी.

