रामसीन (मुकेश सोलंकी) । स्थानीय कस्बे के भीनमाल रोड स्थित ऋग्वेद हॉस्पिटल में सोमवार का दिन आरोग्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर साबित हुआ। अस्पताल में स्त्री एवं प्रसूति रोग (गायनोकोलॉजी) विभाग का भव्य शुभारंभ किया गया, साथ ही राजा बॉण मेलडी मां धाम सादड़ी के गादीपति भुआजी राजुभाई चौधरी ने समाजसेवा की अनूठी मिसाल पेश करते हुए अस्पताल को एक नई एम्बुलेंस भेंट की।
चौधरी का साफा और माला पहनाकर किया सम्मान
समारोह के दौरान अस्पताल प्रबंधन और स्थानीय ग्रामीणों ने मेलडी मां धाम के भुआजी राजुभाई चौधरी का गर्मजोशी से स्वागत किया। समाज हित में दिए गए इस अमूल्य योगदान के लिए उपस्थित गणमान्य लोगों ने भुआजी का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें साफा पहनाकर और भव्य माल्यार्पण कर सम्मानित किया।
फीता काटकर नए विभाग का उद्घाटन
अस्पताल परिसर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में भुआजी राजुभाई चौधरी के कर कमलों द्वारा फीता काटकर नए स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग का आधिकारिक उद्घाटन किया गया। अब क्षेत्र की महिलाओं को प्रसूति और स्त्री रोगों से जुड़ी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं अपने ही कस्बे में मिल सकेंगी।
आपातकालीन सेवाओं में मिलेगी बड़ी राहत
अस्पताल के निदेशक डॉ. रजत ठाकुर ने बताया कि लंबे समय से एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध न होने के कारण गंभीर मरीजों और प्रसूताओं को उच्च केंद्रों तक पहुँचने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। भुआजी द्वारा एम्बुलेंस भेंट किए जाने से अब आपातकालीन स्थिति में मरीजों को त्वरित और सुलभ परिवहन सुविधा मिल सकेगी।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस समारोह में चिकित्सा जगत से जुड़े विशेषज्ञों के साथ-साथ क्षेत्र के कई प्रमुख नागरिक मौजूद रहे । चिकित्सक एवं अस्पताल स्टाफ में डॉ. रजत ठाकुर, डॉ. नरगिस बेन गोहिल, डॉ. यशपाल प्रजापत, श्रवण कुमार, उत्तम कुमार, राजकमल और भरत भाई एवं गणमान्य नागरिक में श्यामसुंदर अग्रवाल, नरेंद्र सिंह, छगनलाल, हंसराज राजपुरोहित, गोपाल भाई, महेंद्र टेलर, महेश गर्ग और राजेश कुमार सहित कई प्रबुद्धजन उपस्थित थे।

