Homeभारतउत्तरप्रदेशगोरखपुर की तहसील में डंडा लेकर कानूनगो को ढूंढने पहुंच गई महिला,...

गोरखपुर की तहसील में डंडा लेकर कानूनगो को ढूंढने पहुंच गई महिला, कर्मचारियों ने कमरे में छिपाया, फिर क्‍या हुआ?

गोरखपुर के खजनी तहसील में पहुंची महिला ने कानूनगो पर रिश्‍वत लेकर भी काम नहीं करने का आरोप लगाया। महिला की हरकतें देखकर वहां अफरा-तफरी मच गई।

यूपी के गोरखपुर के खजनी तहसील में एक महिला का हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। महिला तहसील में कानूनगो को ढूंढते हुए डंडा लेकर पहुंच गई और गंभीर आरोप लगाते हुए गाली देना शुरू कर दिया। महिला ने आरोप लगाया कि 10 हजार रुपये लेने के बावजूद अब कानूनगो नाले की पैमाइश करने से मना कर रहा है। महिला तहसील परिसर में शोर मचाते हुए कानूनगो को ढूंढती रही। इसकी वजह से तहसील वहां अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।

कर्मचारी भी महिला के रौद्र रूप को देखकर डर गए। उन्होंने कानूनगो को एक कमरे में बंद कर दिया। जैसे ही हंगामे की जानकारी अधिकारियों को हुई तो मौके पर एसडीएम खजनी पहुंचे और महिला को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। तब जाकर महिला शांत हुई। उसके हंगामे का वीडियो इंटरनेट पर सामने आया है।

महिला की हरकतें देखकर मची अफरा-तफरी

सिकरीगंज थाना क्षेत्र के ढाडी जोत गांव की पुष्पा देवी गुरुवार को हाथ में डंडा लेकर खजनी तहसील पहुंची और जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। महिला लगातार कानूनगो के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग कर रही थी। इस दौरान वह डंडा लेकर कानूनगो को खोजती रही। महिला का आरोप था कि कानूनगो ने उससे बीते अक्टूबर में एक नाले के पैमाइश के नाम पर 10 हजार रुपये रिश्वत के रूप में लिए थे। अब वह मना कर रहा है।

एसडीएम ने महिला को शांत कराया

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला ने तहसील परिसर में आधे घंटे तक हंगामा किया। स्थिति बिगड़ती देख तहसील कर्मचारियों ने संबंधित कानूनगो को सभागार कक्ष में सुरक्षित करके बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। हंगामा देख तहसील परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। एसडीएम खजनी आनंद कुमार कटारिया मौके पर पहुंचे और उन्होंने महिला की शिकायत सुनी और उसे समझा बुझाकर शांत कराया। एसडीम ने कार्रवाई करने की भी बात कही।

सरकारी नाली पर पड़ोसी ने कर रखा है कब्‍जा

महिला ने बताया कि उसके घर के सामने सरकारी चकनाली है, जिस पर पड़ोसी ने कब्जा कर रखा है। 4 अप्रैल, 2026 से ही वह चकनाली की पैमाइश कराने के लिए राजस्व विभाग के चक्कर लगा रही है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। महिला का आरोप है कि पैमाइश कराने के लिए कानूनगो ने उससे नकद रुपये लिए थे। इसके बावजूद वह मौके पर नहीं पहुंचे। पुष्पा देवी ने कहा कि वह अपनी शिकायत लेकर मंडलायुक्त, डीएम, एसडीएम खजनी, थाना सिकरीगंज और समाधान दिवस में कई बार गुहार लगा चुकी हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

एसडीएम ने दो दिन के अंदर पैमाइश के दिए आदेश

एसडीएम खजनी आनंद कुमार कटारिया ने बताया कि नायब तहसीलदार सिकरीगंज जाकिर हुसैन, राजस्व निरीक्षक और संबंधित लेखपाल की संयुक्त टीम गठित कर दो दिन के अंदर चकनाली की पैमाइश कराने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही मामले का निस्तारण कर दिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments