यूपी के हापुड़ में 10 जुलाई को रिया अपनी मां अंजना राघव के साथ एक सर्राफा दुकान पर जेवर खरीदने गई थी। इस दौरान उसको प्यास लगी तो सर्राफ ने पास की दुकान से सीलबंद पानी की बोतल मंगवाई। पानी पीते ही रिया चीखने लगी। उसके पेट और आंतों में छाले हो गए। दरअसल, बोतल में पानी की जगह तेजाब भरा हुआ था।
रिया को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। इस घटना के पांच दिन बीतने के बाद उसकी हालत में सुधार है। रिया ने बताया कि जैसे ही उसने पानी की दो घूंट ली, उसे अहसास हुआ कि यह तो तेजाब जैसा कुछ है। इसके बाद उसके मुंह से झाग आने लगा और तबीयत तेजी से बिगड़ गई। अब वह पहले से बेहतर महसूस कर रही है। डॉक्टरों का कहना है कि रिया की तबीयत पूरी तरह ठीक होने में डेढ़ से दो महीने लग सकते हैं।
जल्द अस्पताल से मिल जाएगी छुट्टी
रिया हापुड़ के अर्जुन नगर में रहती है। उसका इलाज कर रहे डॉक्टर ने बताया कि तेजाब जैसे पदार्थ पीने की वजह से रिया के पेट और आंतों में छाले पड़ गए हैं। फिलहाल उसकी तबीयत पहले से बेहतर है। जल्द ही उसे अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।
हापुड़ पुलिस कर रही छानबीन
दूसरी ओर, इस पूरे मामले को लेकर रिया की मां ने पुलिस में शिकायत दी है। उनकी मांग है कि सीलबंद बोतल में पानी की जगह तेजाब कैसे पहुंचा इसकी जांच की जाए। हापुड़ पुलिस जनरल स्टोर के मालिक और सर्राफ समेत अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है।

