‘पत्रकारों के परिवार की चिंता का वर्ष’ समारोह में पूर्व मंत्री ईश्वर सिंह पटेल की गरिमामयी उपस्थिति; संगठन की ओर से हर पत्रकार को बिना किसी शुल्क के मिलेगा 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा – ‘महानगर मेट्रो’ की विशेष रिपोर्ट!
अंकलेश्वर/भरूच, महानगर मेट्रो (रिपोर्ट: रंगूनी जाकिर):
देश और दुनिया के सबसे बड़े पत्रकार संगठनों में शुमार ‘पत्रकार एकता परिषद’ के भरूच जिला अधिवेशन का भव्य आयोजन औद्योगिक नगरी अंकलेश्वर में बेहद गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। वर्ष 2026 को संगठन द्वारा ‘पत्रकारों के परिवार की चिंता के वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है, जिसकी शुरुआत पूर्व में भावनगर से हुई थी। इसी कड़ी में अंकलेश्वर की पावन धरा पर आयोजित इस अधिवेशन का शुभारंभ सामूहिक राष्ट्रगान और मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री व वर्तमान विधायक ईश्वर सिंह पटेल, अंकलेश्वर तालुका पंचायत अध्यक्ष विवेकभाई भरडीवाला, अंकलेश्वर नगरपालिका अध्यक्ष जिग्नेशभाई अंडारिया, अंकलेश्वर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन (AIA) के सेक्रेटरी नीलेशभाई पटेल और भाजपा के पूर्व तालुका अध्यक्ष डॉ. नितेन्द्रसिंह देवधरा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।

टीम अंकलेश्वर ने निभाई विशेष जिम्मेदारी, मेहमानों का हुआ भव्य सत्कार:
भरूच जिला अधिवेशन को सफल बनाने के लिए पूरी ‘टीम अंकलेश्वर’ ने कंधे से कंधा मिलाकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया, जिसके चलते यह आयोजन ऐतिहासिक सफलताओं के शिखर पर पहुंच गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी आमंत्रित अतिथियों, समाजसेव्यों, संस्था प्रमुखों और वरिष्ठ पत्रकारों का बुके, शॉल, सम्मान पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत-सत्कार किया गया।
“बिना वेतन के दुश्मन पैदा करने का काम करते हैं पत्रकार” – पूर्व मंत्री ईश्वर सिंह पटेल:
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री ईश्वर सिंह पटेल ने पत्रकारों के अप्रतिम योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा, “पत्रकार समाज के प्रति अपनी जवाबदेही निभाते हुए राष्ट्र निर्माण और अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक संदेश पहुंचाने का महान कार्य कर रहे हैं। बिना किसी सरकारी वेतन या भत्ते के, समाज की कुरीतियों के खिलाफ लिखते हुए दुश्मन पैदा करना, उनके स्वमान और स्वाभिमान की एक बड़ी लड़ाई है।” इसके साथ ही, प्रादेशिक नेतृत्व द्वारा प्रत्येक जिले के सरकारी भवन में पत्रकारों के बैठने के लिए एक सर्वसुविधायुक्त कार्यालय (प्रेस रूम) आवंटित करवाने की मांग पर पूर्व मंत्री ने सरकार के समक्ष सकारात्मक मध्यस्थता करने का पूरा भरोसा दिया।
बिना एक भी रुपया लिए संगठन करा रहा है 10 लाख का दुर्घटना बीमा:
अधिवेशन में परिषद के प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों के जोखिम भरे कार्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि जो पत्रकार दिन-रात दूसरों की चिंता करते हैं, उनके परिवारों की सुरक्षा के लिए यह संगठन प्रतिबद्ध है। पत्रकार एकता परिषद अपने साथ जुड़े सभी पत्रकारों से एक भी रुपया लिए बिना, खुद प्रीमियम भरकर 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा उपलब्ध करा रही है, जिसमें 9 विभिन्न जनहितकारी योजनाएं शामिल हैं। इसके लिए सभी जरूरी दस्तावेज जुटाकर पत्रकारों को आई-कार्ड सौंपने की प्रक्रिया तेजी से जारी है। वहीं, महिला विंग की अध्यक्ष श्रीमती शमीम बेन पटेल ने मीडिया जगत में महिला पत्रकारों की भागीदारी बढ़ाने और समाज में महिलाओं की समस्याओं के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाने का आह्वान किया।
कलम और कैमरे के साथ ‘सेवा की खुशबू’ बिखेरने वाले 10 पत्रकार सम्मानित:
इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी और अनूठी विशेषता यह रही कि पत्रकारिता के साथ-साथ समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी उत्कृष्ट भूमिका निभाने वाले 10 कर्मठ पत्रकारों को ‘समाज सेवक’ के रूप में मंच से विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस सम्मान ने यह साबित कर दिया कि पत्रकार केवल कलम और कैमरे तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे धरातल पर जनता के सुख-दुख के सच्चे साथी हैं।
कार्यक्रम के समापन पर भरूच जिला अध्यक्ष अतुलभाई मुलानी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए ज़ोन, जिला और तालुका के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बिना किसी पद के भी दिन-रात मेहनत करने वाले सभी सहयोगियों का सहृदय आभार व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।

