कांवड़ यात्रा को जाममुक्त बनाने के लिए यातायात पुलिस ने अपनी कमर कस ली है। बुधवार को एसीपी ने यातायात पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक की।
गाजियाबाद: कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और जाममुक्त बनाने के लिए यातायात पुलिस ने अपनी कमर कस ली है। बुधवार को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त लॉ एंड ऑर्डर राजकरन नैय्यर ने यातायात पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की।
बैठक में शहर के प्रमुख चौराहों और कांवड़ मार्गों पर विशेष निगरानी रखने को लेकर चर्चा हुई। वहीं, नया बस अड्डा पर ट्रायल के तौर पर गोलचक्कर बनाया जाएगा। इसके अलावा मोहन नगर में अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई और मेट्रो स्टेशन के बाहर ऑटो संचालन की नई व्यवस्था बनाई जाएगी।
‘किसी भी स्थित में जाम नहीं लगने देंगे’
अतिरिक्त पुलिय आयुक्त राज करन नैय्यर ने बैठक में स्पष्ट कहा कि इस बार कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी स्थित में जाम नहीं लगने दिया जाएगा और सभी विभाग मिलकर समन्वय बनाकर समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करेंगे। बैठक में शहीद स्थल चौराहे पर सड़क चौड़ीकरण और गोलचक्कर बनाने की योजना का प्रस्तुतीकरण दिया गया।
मुख्य मार्गों पर अनावश्यक कट होंगे बंद
अधिकारियों ने पहले ट्रायल के तौर पर जर्सी बैरियर लगाकर गोलचक्कर बनाने के निर्देश दिए हैं। यदि इससे यातायात सुचारु रहता है तो आगे इसे स्थायी रूप दिया जाएगा। इसके अलावा मुख्य मार्ग पर बने अनावश्यक कटों को भी बंद करने की योजना बनाई गई है।
पुलिसकर्मियों के लिए स्पेशल तैयारी
कांवड़ यात्रा में तैनात होने वाले पुलिसकर्मियों के लिए भी विशेष तैयारी की जा रही है। बारिश की संभावना को देखते हुए रेनकोट, छाते, बूट, टॉर्च, रिफ्लेक्टिव टेप, रस्से और कैनोपी जैसी आवश्यक सामग्री पहले से उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, ट्रैफिक पुलिस मित्रों की प्रोफाइलिंग कर उन्हें ट्रैफिक प्रबंधन, सोशल मीडिया, जनजागरूकता और स्पॉट स्टडी जैसी अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी, ताकि यात्रा के दौरान यातायात संचालन अधिक प्रभावी और व्यवस्थित ढंग से किया जा सके।

