पिंकी चौधरी ने कहा कि राम मंदिर में चंदे की चोरी पर सवाल नहीं उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि राम मंदिर में चंदा देने वाले और चंदा अपने घर ले जाने वाले दोनों ही भगवान राम को मानने वाले हैं।
गाजियाबाद: देशभर में इन दिनों अयोध्या के राम जन्मभूमि मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी का मामला गर्माया हुआ है। मामले की जांच के लिए योगी सरकार की तरफ से एसआईटी का गठन किया गया। आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए उनकी भी गिरफ्तारी हुई। साथ ही, चंपत राय और अनिल मिश्रा जैसे बड़े पदाधिकारियों ने ट्रस्ट से इस्तीफा दे दिया है। इस बीच हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने मामले पर अलग ही बयान दिया है। उनका कहना है कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सवाल नहीं उठाने चाहिए।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर पिंकी चौधरी ने वीडियो जारी करते हुए कहा, ‘आज हमारा भव्य राम मंदिर है, जिसे देखने के लिए पूरे देश के कोने-कोने से लोग जा रहे हैं। जो लोग चंदा दे रहे हैं, वो सभी रामजी को मानने वाले हैं। जो वहां थे, वो भी रामजी को मानने वाले ही हैं और रामजी के आशीर्वाद से ही उनके घरों में कुछ चंदा गया है। उनका मन परिवर्तित हुआ और चंदा उनके घरों में गया। इसमें किसी को प्रश्नचिह्न लगाने का और किसी को यह कहने का अधिकार नहीं है कि उन लोगों को उठाओ, जेल मेंबंद करो। मंदिर हमारा, चंदा हमारा, चोरी की हमारे लोगों ने और तुम लोग खामख्वाह ड्रामेबाजी कर रहे हो।’
‘मस्जिदों और मदरसों पर कोई नहीं बोलता’
अपने वीडियो में पिंकी चौधरी ने आगे कहा, ‘मस्जिद और मदरसों पर तो किसी ने आवाज नहीं उठाई। इन मदरसों में विदेश से, पाकिस्तान से, इंस्लामिक कंट्री से और कहां-कहां के देशों से पैसा आ रहा है। मस्जिद और मदरसों में आकर वहां से आतंकवादी पैदा किए जा रहे हैं। वहां कोई बोलने को तैयार नहीं है। वहां सबके मुंह में दही जम जाती है। जितने भी चर्च हैं, उनमें बाहर से फंडिंग आती है। ईसाई देश फंडिंग करते हैं और हमारे देश में ईसाई बनाने का काम करते हैं। वहां कोई आवाज नहीं उठाता है।’
हमारा चंदा चोरी हुआ, हम देखेंगे- पिंकी चौधरी
पिंकी चौधरी ने कहा, ‘अब इन्हें एक मुद्दा मिल गया है रामजी के ऊपर। बोल रहे हैं कि अयोध्या के राम मंदिर में चंदा चोरी हो गया। अरे, हमारा चंदा चोरी हुआ है, हम उसे देखेंगे। आपको हमारे मंदिर पर सवाल-जवाब करने का अधिकार नहीं है। सभी हिंदुओं को इसपर आवाज उठानी चाहिए। हमारा मंदिर, हमारा चंदा चोरी हुआ है, वह हम देखेंगे। किसी दूसरे आदमी को इसमें हाथ डालने का या बोलने का कोई अधिकार नहीं होना चाहिए।’

