गोंडा में बीएड की परीक्षा देने गई छात्रा अचानक करंट की चपेट में आ गई। इस दौरान बहन को बचाने में बड़ी भाई की जान चली गई। नगर पालिका और बिजली विभाग को लेकर लोगों में आक्रोश है।
गोंडा में करंट से युवक की मौत
विशाल सिंह, गोंडा: गोंडा में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज के सामने बीएड की परीक्षा देने आई एक छात्रा करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि अपनी बहन को बचाने की कोशिश में उसके भाई की जान चली गई।
बीएड की परीक्षा देने गई थी छात्रा
बहराइच जिले के हजूरपुर थानाक्षेत्र निवासी 20 वर्षीय प्राची अपने 25 वर्षीय भाई विमल के साथ बीएड की परीक्षा देने गोंडा आई थी। मंगलवार सुबह दोनों लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज पहुंचे। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से ठीक पहले कॉलेज के सामने सड़क किनारे लगे स्ट्रीट लाइट के खम्भे में बारिश के कारण करंट उतर आया था। अचानक प्राची का संपर्क उस खम्भे से हो गया और वह जोरदार करंट लगने से खम्भे से चिपक गई।
बहन को बचाने में गई भाई की जान
बहन को तड़पता देख विमल ने बिना एक पल गंवाए उसे बचाने की कोशिश की। उसने प्राची को खम्भे से धक्का देकर दूर तो कर दिया, लेकिन इस दौरान खुद करंट की चपेट में आकर खम्भे से चिपक गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी और लकड़ी की मदद से दोनों को खम्भे से अलग किया।
अस्पताल में भाई की गई जान
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों भाई-बहन को तत्काल गोंडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान विमल ने दम तोड़ दिया। वहीं प्राची की हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखनऊ रेफर कर दिया है। उसकी हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही मृतक विमल के परिजन रोते-बिलखते मेडिकल कॉलेज पहुंचे। विमल घर का बड़ा बेटा था और बहन को परीक्षा दिलाने के लिए आया था।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि लगातार बारिश के कारण स्ट्रीट लाइट के खम्भे में करंट आ गया था। नगर पालिका और बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। इस हादसे ने बरसात के मौसम में बिजली के खम्भों और खुले तारों से होने वाले खतरे को फिर उजागर कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान बिजली के खम्भों, ट्रांसफॉर्मर और पानी में गिरे तारों से दूरी बनाकर रखें।

