यूपी के कौशांबी में लीकेज की वजह से एक एलपीजी टैंकर में भीषण आग लग गई। गैस टैंकर आग लगने के बाद अनियंत्रित होकर टोल प्लाजा से जा टकराया। इस हादसे में 5 टोलकर्मी झुलस गए हैं।
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां कोखराज-हंडिया बाईपास टोल प्लाजा पर एक गैस टैंकर में लीकेज की वजह से भीषण आग लग गई। गैस टैंकर में आग लगने से आसमान में धुएं का गुबार उठने लगा और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। एलपीजी टैंकर आग लगने के बाद बेकाबू होकर टोल प्लाजा से जा टकराया। इस वजह से टोल गेट के चैंबर जल गए। इस घटना में 4 टोलकर्मी सहित दर्जनों लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। जिसमें दो लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें प्रयागराज रेफर कर दिया गया है। यह गैस टैंकर कानपुर की तरफ से वाराणसी जा रहा था।
लीकेज की वजह से टैंकर में लगी आग
जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब साढ़े छह बजे कोखराज क्षेत्र के सिरोही टोल प्लाजा पर हुआ। गैस टैंकर में लीकेज के बाद आग लगने से टैंकर अनियंत्रित हो गया और टोल बूथ पर जा टकराया। गैस टैंकर के टोल बूथ से टकराने के कारण चार टोलकर्मी समेत दर्जनों लोग आग की चपेट में आ गए। इस घटना में दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। आग में झुलसे टोलकर्मियों को इलाज के लिए प्रयागराज रेफर कर दिया गया है।
घायलों का चल रहा इलाज
घटना की सूचना मिलने पर फायरफाइटर, पुलिसकर्मी और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमें तुरंत मौके पर पहुँचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। सभी घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायल टोलकर्मियों की पहचान हीरामन, आलोक, कृष्ण पाल, अतुल और राजू के रूप में हुई है। कौशांबी पुलिस मामले की जांच कर रही है।

