दर्शन के लिए गए श्रद्धालुओं पर काल का वार: सुबह-सुबह आई एक प्राकृतिक आपदा ने पवित्र तीर्थस्थल पर अफरा-तफरी मचा दी
पावागढ़। गुजरात के प्रसिद्ध तीर्थस्थल पावागढ़ पहाड़ी से आज सुबह एक दुखद हादसे की खबर सामने आई है। माता महाकाली के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं पर अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर गिरने से लैंडस्लाइड जैसी स्थिति बन गई। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहाड़ी मार्ग से मंदिर की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी का एक हिस्सा टूटकर नीचे आ गया और भारी पत्थर श्रद्धालुओं पर गिर पड़े।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हादसे की सूचना मिलते ही मंदिर ट्रस्ट, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्र में आवाजाही सीमित कर दी है और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है।
मानसून की शुरुआत के साथ पहाड़ी क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। महानगर मेट्रो परिवार हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील करता है कि मानसून के दौरान प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

