Homeभारतउत्तरप्रदेशसंभल में ऑनर किलिंग: मौसेरे भाई से निकाह की जिद पर अड़ी...

संभल में ऑनर किलिंग: मौसेरे भाई से निकाह की जिद पर अड़ी थी बहन, सगे भाई ने सोते समय गोली मारकर उतारा मौत के घाट

उत्तरप्रदेश के संभल में प्रेम प्रसंग के चलते एक भाई ने अपनी ही बहन की हत्या कर दी. युवती अपने मौसेरे भाई से निकाह करना चाहती थी, जो भाई को मंजूर नहीं था. पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर कब्रिस्तान से हथियार बरामद कर लिया है.

संभल जिले में शमी मोहम्मद ने अपनी 20 वर्षीय बहन मुस्कान की गोली मारकर हत्या कर दी. यह वारदात ऑनर किलिंग का मामला है क्योंकि मुस्कान अपने मौसेरे भाई से निकाह करने की जिद पर अड़ी थी और शमी इस रिश्ते के खिलाफ था. 11 जून को हुए विवाद के बाद अगले दिन जब युवती घर पर सो रही थी, तब भाई ने तमंचे से उसे मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर कब्रिस्तान में छिपाए गए अवैध तमंचे और कारतूस बरामद कर इस हत्याकांड का खुलासा किया है. पूरा मामला गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के सैंजना गांव का है.

निकाह की जिद बनी मौत की वजह

मृतक युवती मुस्कान का अपने मौसेरे भाई के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार और खासकर उसका भाई शमी मोहम्मद इस रिश्ते के सख्त खिलाफ था.

वारदात से एक दिन पहले, यानी 11 जून को भाई-बहन के बीच इसी बात को लेकर काफी तीखी बहस और विवाद भी हुआ था. मुस्कान अपनी जिद छोड़ने को तैयार नहीं थी, जिससे नाराज होकर भाई ने खौफनाक कदम उठाने की साजिश रच डाली.

सोती हुई बहन पर चलाई गोली

12 जून को जब मुस्कान घर के अंदर चारपाई पर सो रही थी, तभी शमी मोहम्मद ने मौके का फायदा उठाया और अवैध तमंचे से उस पर फायर कर दिया. गोली लगने से मुस्कान की मौके पर ही मौत हो गई और आरोपी भाई वहां से फरार हो गया. जब युवती की मां घर वापस लौटी, तो बेटी का खून से लथपथ शव देखकर उनके होश उड़ गए. ग्राम प्रधान ने तुरंत पुलिस को इस घटना की सूचना दी.

कब्रिस्तान से बरामद हुआ हत्या में इस्तेमाल तमंचा

संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद हत्यारे भाई शमी मोहम्मद को दबोच लिया है. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस टीम उसे कब्रिस्तान लेकर गई, जहां उसने हत्या में इस्तेमाल किया गया अवैध तमंचा और कारतूस छिपा रखा था. पुलिस ने दोनों चीजें बरामद कर ली हैं. आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments