आईएएस सौम्या पांडेय 2017 बैच की अफसर हैं। वह इससे पहले कानपुर में अपर श्रम आयुक्त के पद पर थीं।
बरेली: उत्तर प्रदेश सरकार अधिकारियों का लगातार तबादले कर रही है। इसी क्रम में बरेली विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष और संभागीय खाद्य नियंत्रक के पद पर तैनात मणिकंदन ए. को वेटिंग लिस्ट में डाल दिया गया है। उनकी जगह कानपुर में अपर श्रमायुक्त रहीं सौम्या पांडेय को तैनात किया गया है।
आईएएस मणिकंदन ए. अपनी सख्त कार्यशैली और शहर में अवैध निर्माण पर एक्शन के लिए जाने जाते थे। उन्होंने सीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट नाथ कारिडोर, रामायण वाटिका और ग्रेटर बरेली आवासीय योजना समेत अन्य प्रमुख विकास योजनाओं को बेहद कम समय में धरातल पर उतारा।
2017 बैच की आईएएस हैं सौम्या पांडेय
दूसरी ओर, सौम्या पांडेय 2017 बैच की आईएएस अफसर हैं। वह प्रयागराज की रहने वाली हैं। उन्होंने दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज से राजनीति विज्ञान से स्नातक की डिग्री ली। इसके बाद उन्होंने नेशनल लॉ ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी बेंगुलरु से पब्लिक पॉलिसी में मास्टर डिग्री ली। 2016 में उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में ऑल इंडिया चौथी रैंक हासिल की।
सर्वश्रेष्ठ कलेक्टर का मिल चुका है पुरस्कार
सौम्या पांडेय की पहली नियुक्ति मथुरा जिले में सहायक कलेक्टर के रूप में हुई। उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुण्वत्ता सुधारने पर विशेष जोर दिया। लोक प्रशासन में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें 2020 में सर्वश्रेष्ठ कलेक्टर का पुरस्कार मिला।
मोदीनगर एसडीएम भी रह चुकी हैं
सौम्या पांडेय 2020 में गाजियाबाद के मोदीनगर में एसडीएम पद पर भी तैनात रह चुकी हैं। इस दौरान उन्होंने एक बेटी को जन्म दिया। कोरोना महामारी के दौरान अपनी जिम्मेदारी समझते हुए उन्होंने महज 22 दिन बाद ही कार्यालय पहुंचकर ड्यूटी जॉइन कर ली। उनकी एक फोटो सामने आई थी जिसमें वह अपनी बेटी को गोद में लेकर काम करती दिखी थीं।

