विदेश जाने के इच्छुक लोगों को कनाडा का फर्जी वीजा और नकली वर्क परमिट देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी सेल्विन मैकवान को अहमदाबाद पश्चिम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने साथी नडियाद निवासी जैनम कमलेश शाह के साथ मिलकर 100 प्रतिशत वीजा की गारंटी का झांसा देकर लोगों से मोटी रकम वसूलता था।
जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा असली जैसे दिखने वाले फर्जी कनाडाई वीजा और वर्क परमिट तैयार कर पीड़ितों को सौंपे जाते थे। दस्तावेजों की जांच के दौरान ठगी का खुलासा होने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
पश्चिम पुलिस ने मामला दर्ज कर सेल्विन मैकवान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपी जैनम शाह की तलाश में विभिन्न टीमों को लगाया गया है। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह ने कई लोगों को करोड़ों रुपये का चूना लगाया हो सकता है।

