छोटाउदेपुर। छोटाउदेपुर जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। घेलवांट आश्रमशाला के निकट सीमेंट के भारी-भरकम खंभों से भरे एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक चालक नियंत्रण खो बैठा और पूरा ट्रक ट्रैक्टर के ऊपर चढ़ गया। इस भीषण दुर्घटना में ट्रैक्टर में सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि पिता-पुत्र दोनों ट्रैक्टर में डीजल भरवाने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और गंभीर रूप से घायल पिता को छोटाउदेपुर जनरल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम छा गया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि दुर्घटना करने वाला ट्रक चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही छोटाउदेपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई और ट्रक चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

