लंबे समय से दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण से राहत मिलती नजर आ रही है. रविवार को राजधानी के कई इलाकों में AQI स्तर में सुधार देखने को मिला. दिल्ली का एवरजे AQI 239 दर्ज किया गया. आनंद विहार और इंडिया गेट में भी हवा की गुणवत्ता पहले से काफी बेहतर रही.
सर्दियों की आमद के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की आबो-हवा में काफी सुधार देखने को मिला है. रविवार (22 नवंबर 2026) सुबह दिल्ली के कई इलाकों में AQI 150 से भी नीचे दर्ज किया गया, जो लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है.
नवंबर के इस तीसरे हफ्ते में दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में प्रदूषण के स्तर में बड़ा अंतर दिख रहा है. जहां इंडिया गेट और आनंद विहार जैसे इलाकों में AQI 150 से नीचे पहुंचकर ‘मध्यम’ श्रेणी में आ गया है, वहीं कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता अभी भी चिंताजनक बनी हुई है.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का औसत AQI 239 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ कैटेगिरी में आता है.
आमतौर पर प्रदूषण के लिए हॉटस्पॉट माने जाने वाले आनंद विहार में रविवार सुबह हवा की गुणवत्ता में तेजी से बदलाव देखा गया. CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 5:30 बजे आनंद विहार के आसपास AQI 252 था, जिसे ‘खराब’ श्रेणी में रखा गया है.
हालांकि, महज एक घंटे से थोड़े ही समय बाद हवा साफ होने लगी. सुबह 6:40 बजे आनंद विहार के आसपास का एक्यूआई गिरकर 145 पर आ गया. इसके साथ ही ये इलाके की हवा को ‘मध्यम’ श्रेणी में ले आया.
इंडिया गेट पर भी साफ हवा, एम्स के पास स्थिति गंभीर
राजधानी के अहम इलाकों की बात करें तो इंडिया गेट और कर्तव्य पथ के आसपास भी सुबह की हवा काफी बेहतर रही. इंडिया गेट और कर्तव्य पथ पर AQI 143 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है. सुबह के समय टहलने निकलने वाले लोगों के लिए ये मौसम और हवा का स्तर काफी सुकून देने वाला रहा.
दूसरी ओर, कुछ हिस्सों में अब भी प्रदूषण का स्तर ऊंचा बना हुआ है. सुबह 6:50 बजे AIIMS के आसपास AQI 326 दर्ज किया गया. ये स्तर ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है.

