Homeभारतउत्तरप्रदेशमंच पर ही चले लात-घूंसे, कुर्ता फाड़ा... MLA का नाम नहीं लेने...

मंच पर ही चले लात-घूंसे, कुर्ता फाड़ा… MLA का नाम नहीं लेने पर यूपी में भिड़ गए सांसद और विधायक के समर्थक

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान सांसद जगदम्बिका पाल और विधायक विनय वर्मा के समर्थकों के बीच बहस हो गई. मंच पर विधायक का नाम न लेने को लेकर शुरू हुआ ये विवाद हाथापाई में बदल गया. घटना के दौरान पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया.

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान मारपीट का मामला सामने आया है. डुमरियागंज सांसद जगदम्बिका पाल और विधायक विनय वर्मा के समर्थक आपस में भिड़ गए. विवाद मंच से विधायक का नाम न लेने को लेकर शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया.

रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उच्चीकृत किए जाने के निर्माण कार्य के शिलान्यास और भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया था. स्वास्थ्य विभाग ने इस परियोजना के लिए 19 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत तय की है.

इसी कार्यक्रम में सांसद जगदम्बिका पाल पहले पहुंच गए थे. वहां मौजूद स्थानीय विधायक विनय वर्मा के समर्थक मंच से ‘विकास पुरुष विनय वर्मा जिंदाबाद’ के नारे लगा रहे थे. इसी बीच सांसद जगदम्बिका पाल के समर्थक भी नारेबाजी करते हुए पहुंचे और मंच से बोल रहे उद्घोषक जुग्गी राम राही को रोकने लगे.

विधायक समर्थक प्रदीप कमलापुरी ने जब इसका विरोध किया, तो सांसद के साथ आए लोग भड़क गए. आरोप है कि वो अचानक मंच पर चढ़ गए और गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू कर दी. पीड़ित प्रदीप कमलापुरी के मुताबिक, जब तक वो कुछ समझ पाते, तब तक कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उन्हें हल्की चोटें आईं और उनका कुर्ता फट गया.

क्या है पूरा मामला?

प्रदीप कमलापुरी ने बताया कि इस दौरान पुलिस प्रशासन के लोग मौके पर मौजूद थे, लेकिन उनके साथ हाथापाई होती रही और वो देखते रहे. उन्होंने कहा, ‘आरोपियों ने मुझे धमकी भी दी कि अगर नीचे उतरे तो जान से मार देंगे. हमले में शामिल लोगों के नाम मैं बता रहा हूं, लेकिन वो किस पार्टी से जुड़े हैं या किसके समर्थक हैं, ये जांच का विषय है. दरअसल, कार्यक्रम के एंकर जुग्गी राम राही पर कुछ लोग दबाव बना रहे थे कि वो मंच से विधायक विनय वर्मा का नाम न लें. मैंने इसका विरोध करते हुए कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए, क्योंकि विधायक ने इस कार्यक्रम के लिए कोशिश की है, इसलिए उनका नाम लिया जाना चाहिए.’

कमलापुर ने आगे कहा, ‘जुग्गी राम राही ने भी मुझे बताया था कि कुछ लोग उन पर नाम न लेने का दबाव बना रहे हैं. जब अनिल अग्रहरि ने जुग्गी राम राही के साथ अभद्रता की, तो मैंने उनसे ऐसा न करने के लिए कहा. इसके बाद वो लोग मंच पर चढ़ आए और मेरे साथ मारपीट करने लगे. ये सभी लोग तुलसियापुर के रहने वाले हैं और सांसद जगदम्बिका पाल के साथ आए थे.’

इस घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें मंच पर धक्का-मुक्की और मारपीट के बीच पुलिसकर्मियों को लोगों को अलग करते और स्थिति संभालते देखा जा सकता है. आसपास मौजूद लोग अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बनाते भी नजर आए.

विधायक के भाषण के दौरान भी नोकझोंक

बताया जा रहा है कि इसके बाद जब शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा मंच से बोल रहे थे, तब भी मंच के नीचे से सांसद के साथ आए लोगों और विधायक के बीच तू-तू, मैं-मैं चलती रही. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस हुई और एक-दूसरे के खिलाफ अभद्र भाषा और ‘दलाल’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल भी होता दिखा.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments