Homeभारतउत्तरप्रदेशलखनऊ में HP पेट्रोल पंप पर दबंगों का तांडव, बेल्ट और धारदार...

लखनऊ में HP पेट्रोल पंप पर दबंगों का तांडव, बेल्ट और धारदार कड़े से सेल्समैन पर जानलेवा हमला; CCTV वायरल

राजधानी लखनऊ में पेट्रोल पंप पर कर्मचारियों से मारपीट और दबंगई के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इसी कड़ी में हजरतगंज क्षेत्र में रतन स्क्वायर के सामने विधानसभा मार्ग पर स्थित HP पेट्रोल पंप पर दबंग युवकों की गुंडई का एक और मामला सामने आया है।

हाइलाइट्स

लखनऊ में HP पेट्रोल पंप पर दबंगों की गुंडई
बेल्ट और धारदार कड़े से सेल्समैन पर जानलेवा हमला
मारपीट का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

लखनऊ: राजधानी लखनऊ में पेट्रोल पंप पर कर्मचारियों से मारपीट व दबंगई दिखाने के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। तेजी से सामने आ रहीं ऐसी घटनाओं के बीच लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र में रतन स्क्वायर के सामने विधानसभा मार्ग पर स्थित HP पेट्रोल पंप पर दबंग युवकों की गुंडई का एक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया।

दरअसल, बीते शनिवार देर शाम लाइन तोड़कर पहले पेट्रोल न देने के विवाद में बाइक सवार युवकों ने पेट्रोल पंप पर जमकर उत्पात मचाया और सेल्समैन पर जानलेवा हमला कर दिया। बेल्ट और धारदार कड़े से किए गए इस हमले में पेट्रोल पंप का एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। इस पूरी मारपीट का CCTV वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद घायल कर्मचारी ने थाना हुसैनगंज में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

​बेल्ट और हाथ में पहने धारदार कड़े से किया हमला

पीड़ित की ओर से हुसैनगंज थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, पीड़ित अमित कुमार रावत विधानसभा मार्ग स्थित HP पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार देर शाम पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने वाले ग्राहकों की लंबी लाइन लगी हुई थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार कुछ लड़के वहां पहुंचे और कतार को नजरअंदाज करते हुए जल्दी पेट्रोल देने की बात कहकर बहस करने लगे। जब सेल्समैन ने उन्हें नियम से लाइन में आने के लिए कहा तो युवक भड़क गए और अभद्रता करते हुए मां-बहन की गालियां व जान से मारने की धमकी देने लगे। आरोप है कि जब उन्हें शांत कराने का प्रयास किया गया तो युवक बाइक से उतरकर अमित पर टूट पड़े और बेल्ट तथा हाथ में पहने हुए धारदार कड़े जैसी नुकीली वस्तु से उन पर जानलेवा हमला कर दिया।

हुसैनगंज पुलिस जांच में जुटी

इस हमले में सेल्समैन अमित कुमार रावत का सिर फट गया और उनकी आंख पर भी गंभीर चोट आई है। पीड़ित के मुताबिक, यदि मौके पर पेट्रोल पंप के अन्य कर्मचारी और ग्राहक मौजूद न होते व बीच-बचाव न करते तो हमलावर उनकी जान भी ले सकते थे। हमला करने के बाद आरोपी युवक तेजी से भागने लगे लेकिन इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने अपनी अपाचे मोटरसाइकिल लेकर भागने की कोशिश कर रहे एक युवक को मौके पर ही पकड़ लिया। हमलावर युवक नई बस्ती इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। फिलहाल घायल सेल्समैन ने पकड़े गए युवक के बाइक नंबर व तहरीर के आधार पर हुसैनगंज थाने में मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई है, जिस पर पुलिस वायरल CCTV फुटेज की मदद से अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments