दिग्गज एक्टर और निर्देशक टीनू आनंद को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। पांच पसलियां टूटने और फेफड़े में चोट लगने के बाद उन्हें ICU में भर्ती कराया गया था। फिलहाल वह खतरे से बाहर हैं और घर पर फिजियोथेरेपी के जरिए रिकवर कर रहे हैं।
हिंदी सिनेमा के दिग्गज एक्टर और निर्देशक टीनू आनंद को लेकर राहत की खबर सामने आई है। पांच पसलियां टूटने और फेफड़े में चोट लगने के बाद मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती 81 साल के टीनू अब डिस्चार्ज होकर घर लौट आए हैं। उनकी चोट इतनी गंभीर थी कि टूटी हुई पसलियों में से एक उनके फेफड़े में धंस गई थी, जिसके चलते उन्हें ICU में रखना पड़ा था। हालांकि, अब वह खतरे से बाहर हैं और घर पर ही रिकवर कर रहे हैं।
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भी टीनू आनंद की मुश्किलें पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह बेड रेस्ट करने और घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। फिलहाल वे घर पर ही फिजियोथेरेपी ले रहे हैं। इसी बीच खबरें हैं कि कुछ मेकर्स उनके पेंडिंग डबिंग प्रोजेक्ट्स को पूरा करने के लिए उनसे संपर्क कर रहे हैं, जबकि चोट की वजह से उन्हें अभी ठीक से बोलने में भी परेशानी हो रही है।
ICU में भर्ती रहने के बाद घर लौटे टीनू आनंद
टीनू आनंद की पांच पसलियां टूट गई थीं। इनमें से एक पसली उनके फेफड़े में धंस गई थी, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई थी। इसके बाद उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चला। हालत को देखते हुए उन्हें ICU में भी रखा गया था। अब अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद एक्टर ने अपने शुभचिंतकों को राहत देते हुए बताया है कि वे खतरे से बाहर हैं। हालांकि, अभी उन्हें पूरी तरह ठीक होने में समय लगेगा। चोट के कारण उन्हें रोजमर्रा के काम करने में भी काफी परेशानी हो रही है। उठना-बैठना, बिस्तर से नीचे उतरना और यहां तक कि लेटना भी उनके लिए आसान नहीं है। डॉक्टरों ने उन्हें साफ तौर पर आराम करने और पूरी तरह ठीक होने तक घर पर ही रहने की सलाह दी है। फिलहाल वे घर पर फिजियोथेरेपी ले रहे हैं और धीरे-धीरे अपनी ताकत वापस पाने की कोशिश कर रहे हैं।
पेंडिंग डबिंग के लिए निर्माताओं ने किया संपर्क
एक तरफ टीनू आनंदअपनी चोटों से उबरने में लगे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनके पेंडिंग काम को लेकर भी खबरें सामने आ रही हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ मेकर्स ने एक्टर से संपर्क किया है, ताकि उनके अधूरे डबिंग प्रोजेक्ट्स को पूरा किया जा सके। बताया जा रहा है कि प्रोड्यूसर्स अपने प्रोजेक्ट्स की डेडलाइन को ध्यान में रखते हुए बची हुई रिकॉर्डिंग पूरी करवाना चाहते हैं। हालांकि, टीनू की मौजूदा हालत में यह काम करना आसान नहीं है। चोटों की वजह से उन्हें अभी ठीक से बोलने में भी काफी तकलीफ हो रही है, ऐसे में उनके लिए वॉयस रिकॉर्डिंग सेशन करना मुश्किल हो सकता है। फिलहाल ऐसी कोई जानकारी सामने नहीं आई है कि उन्होंने दोबारा डबिंग शुरू कर दी है या इसके लिए कोई तारीख तय की गई है। ऐसे में उनकी सेहत को देखते हुए यह जरूरी है कि उन्हें पूरी तरह ठीक होने का समय मिले।
टीनू आनंद का हालिया काम
टीनू आनंद हिंदी सिनेमा के जाने-माने और अनुभवी कलाकारों में से एक हैं। वह कई दशकों से फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा हैं और अपनी एक्टिंग के साथ-साथ निर्देशन के लिए भी पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में कई यादगार फिल्मों में काम किया है। हाल ही में उन्हें फिल्म ‘पेद्दी’ में देखा गया था, जिसमें राम चरण और जाह्नवी कपूर लीड रोल में हैं। हालांकि, फिलहाल एक्टर के लिए काम से ज्यादा जरूरी अपनी सेहत पर ध्यान देना है। अस्पताल से घर लौटने के बाद भी उनकी रिकवरी जारी है और डॉक्टरों की सलाह के मुताबिक उन्हें आराम और फिजियोथेरेपी की जरूरत है। फैंस और उनके चाहने वाले उम्मीद कर रहे हैं कि टीनू आनंद जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर वापस लौटेंगे।

