Homeभारतमध्यप्रदेशकरंट के जाल में फंसकर गई बाघ की जान? जंगल में मिला...

करंट के जाल में फंसकर गई बाघ की जान? जंगल में मिला शव, शिकार के शक में दो लोग हिरासत में

बालाघाट के जंगल में नर बाघ की मौत से वन विभाग में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में करंट लगने से मौत की आशंका जताई गई है। डॉग स्क्वायड ने मौके पर जांच की, जबकि संदेह के आधार पर दो लोगों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है।

हाइलाइट्स

खुरमुंडी बीट के गुरार नाला के पास मिला नर बाघ का शव
प्रारंभिक जांच में बिजली का करंट लगने से मौत की आशंका
वन विभाग ने दो संदेहियों को अभिरक्षा में लेकर शुरू की पूछताछ

बालाघाट: जंगल में नर बाघ की मौत से वन विभाग में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में करंट लगाकर शिकार किए जाने की आशंका है। मौके पर डॉग स्क्वायड ने जांच की और संदेह के आधार पर दो लोगों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है।

उत्तर सामान्य वन मंडल के पूर्व बैहर परिक्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खुरमुंडी बीट के जंगल में एक नर बाघ का शव मिला। गुरार नाला के पास मिले बाघ के शव को देखकर वन विभाग की टीम तत्काल सक्रिय हुई। शुरुआती जांच में बाघ की मौत बिजली का करंट लगने से होने की आशंका जताई गई है। मामले में वन विभाग ने दो व्यक्तियों को संदेह के आधार पर अभिरक्षा में लिया है।

वन मंडलाधिकारी रेशम सिंह धुर्वे के मुताबिक, सुबह बीट गार्ड नियमित गश्त पर था। इसी दौरान उसे गुरार नाला के पास बाघ का मृत शरीर दिखाई दिया। उसने तत्काल इसकी सूचना परिक्षेत्र सहायक और परिक्षेत्र अधिकारी को दी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी और डॉग स्क्वायड घटनास्थल पर पहुंचे।

डॉग स्क्वायड ने की जांच, सभी अंग सुरक्षित मिले

मौके पर डॉग स्क्वायड की मदद से जांच की गई। इस दौरान मृत बाघ के शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाए गए। प्रारंभिक परिस्थितियों के आधार पर आशंका जताई गई कि बाघ की मौत करंट लगने से हुई है। वन विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि कहीं जंगली जानवरों के शिकार के लिए बिछाए गए बिजली के तार या किसी अन्य विद्युत व्यवस्था की चपेट में आने से तो बाघ की जान नहीं गई।

पोस्टमार्टम के बाद नियमानुसार अंतिम प्रक्रिया

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में पशु चिकित्सकों की टीम ने मृत नर बाघ का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद वन संरक्षक बालाघाट वनवृत्त, वनमंडलाधिकारी उत्तर सामान्य वन मंडल, उप वनमंडलाधिकारी बैहर, एनटीसीए के प्रतिनिधि और तहसीलदार की उपस्थिति में नियमानुसार अग्नि संस्कार कर बाघ के पूरे शरीर को नष्ट किया गया।

जांच में अब इन सवालों के जवाब तलाश रहा वन विभाग
बाघ की मौत करंट लगने से हुई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है
जंगल में बिजली का करंट फैलाने की व्यवस्था किसने की थी
अभिरक्षा में लिए गए दोनों व्यक्तियों की घटना में क्या भूमिका है

क्या यह मामला वन्यजीवों के अवैध शिकार से जुड़ा है

वन विभाग ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दो संदेहियों से पूछताछ की जा रही है। बाघ की मौत के वास्तविक कारण और इसमें किसी की संलिप्तता की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments