Homeभारतदिल्लीदिल्ली में शराब खरीदने का तरीका बदला, अब मोबाइल पर बुकिंग और...

दिल्ली में शराब खरीदने का तरीका बदला, अब मोबाइल पर बुकिंग और QR कोड से मिलेगी बोतल

अब ग्राहकों को शराब की दुकान पर जाकर पहले ब्रांड पूछने और स्टॉक तलाशने की जरूरत नहीं होगी. दिल्ली में शुरू हुई नई डिजिटल व्यवस्था खरीदारी को दुकान तक पहुंचने से पहले ही मोबाइल पर पूरा करने का रास्ता खोल रही है.

दिल्ली में शराब खरीदने का तरीका अब धीरे-धीरे डिजिटल होने जा रहा है. अब ग्राहकों का पसंदीदा ब्रांड उपलब्ध है यह नहीं, यह जानने के लिए दुकानों के चक्कर नहीं काटने होंगे. दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (DSIIDC) ने ‘दिल्ली लिकर बुकिंग’ ऐप के जरिए शराब की ऑनलाइन बुकिंग और डिजिटल पेमेंट की सुविधा शुरू की है.

नई व्यवस्था में ग्राहक मोबाइल पर पसंदीदा ब्रांड देख सकेंगे, उसका स्टॉक चेक कर सकेंगे और अपनी पसंद की दुकान चुनकर ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे. पेमेंट के बाद मिलने वाले QR कोड को दुकान पर दिखाना होगा और वहीं से ऑर्डर लेना होगा. ऐप पर ग्राहक उपलब्ध ब्रांड की जानकारी देखने के बाद अपनी पसंद की DSIIDC दुकान चुन सकेंगे. इसके बाद बोतल का आकार और मात्रा तय कर ऑनलाइन पेमेंट किया जा सकेगा.

इसका सबसे बड़ा फायदा उन लोगों को हो सकता है, जिन्हें किसी खास ब्रांड के लिए कई दुकानों पर जाना पड़ता है. अब दुकान पहुंचने से पहले ही स्टॉक की जानकारी मिल सकेगी. फिलहाल यह सुविधा DSIIDC की 208 शराब दुकानों पर उपलब्ध कराई गई है.

48 घंटे में लेना होगा ऑर्डर

ऑनलाइन बुकिंग के बाद शराब घर तक नहीं पहुंचेगी. ग्राहक को खुद संबंधित दुकान पर जाकर ऑर्डर लेना होगा. बुकिंग के बाद 48 घंटे के भीतर ऑर्डर उठाना जरूरी है. ऑर्डर लेने से पहले उसे कैंसिल करने का विकल्प उपलब्ध होने की बात कही गई है, लेकिन शराब मिलने के बाद रिटर्न की सुविधा नहीं होगी, इसलिए ब्रांड, मात्रा और दुकान चुनते समय सावधानी रखनी होगी.

पहले से मौजूद ऐप से क्या है अंतर?

दिल्ली में शराब की दुकानों और स्टॉक से जुड़ी जानकारी के लिए पहले से mAbkariDelhi और e-Abkari जैसे डिजिटल माध्यम इस्तेमाल होते रहे हैं. अब इस नई व्यवस्था में ब्रांड चुनने, ऑनलाइन पेमेंट और QR कोड के जरिए दुकान से ऑर्डर लेना भी संभव होगा.

उम्र और खरीद की सीमा भी तय

इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए न्यूनतम उम्र 25 साल है. जानकारी के मुताबिक, एक बार में अधिकतम 9 लीटर व्हिस्की और 18 लीटर बीयर खरीदने की सीमा है. ग्राहकों को बुकिंग से पहले ऐप की शर्तों और दिल्ली के मौजूदा शराब बिक्री नियमों की जांच करनी चाहिए. फिलहाल 208 दुकानों से शुरू हुई यह डिजिटल पहल कितनी कारगर साबित होती है, यह आने वाले दिनों में साफ होगा.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments