दिल्ली के सदर बाजार में बुधवार को 12 टूटी चौक के पास प्लास्टिक के फूलों और सजावटी सामान के गोदाम में आग लग गई। दमकल की 5 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के सदर बाजार इलाके में बुधवार को आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग 12 टूटी चौकी के पास प्लास्टिक के फूलों और सजावटी सामान के गोदाम लगी। देखते ही देखते कुछ ही समय में आग ने विकराल रूप ले लिया। आनन-फानन में फायर विभाग की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग को काबू पाया।
दमकल विभाग के अधिकारी रविंदर ने बताया कि आग लगने की सूचना सुबह 11:41 बजे मिली थी। इसके बाद दमकल की तीन वॉटर टेंडर, एक वॉटर बाउजर और एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल को घटनास्थल पर रवाना किया गया। एसटीओ रविंदर के नेतृत्व में दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का अभियान चलाया।
5 गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
एसटीओ रविंदर ने बताया कि आग इमारत की तीसरी मंजिल पर स्थित प्लास्टिक के फूलों और अन्य सजावटी सामान के गोदाम में लगी थी। उनके बताया कि आग को काबू करने के लिए मौके पर तत्काल पांच गाड़ियां भेजी गईं थी। जबकि कुछ ही समय में 12 बजकर 20 मिनट पर आग पर काबू पा लिया गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
भीड़भाड़ वाला इलाका है सदर बाजार
राजधानी दिल्ली का सदर बाजार इलाका थोक कारोबारी इलाकों में शामिल है। यहां पर कई तरह के सामानों की दुकानें और गोदाम हैं। बाजार में भारी कारोबारी गतिविधियों के साथ संकरी सड़कों और ट्रैफिक जाम की समस्या भी होती है। इससे आपातकालीन वाहनों की आवाजाही चुनौतीपूर्ण होती है।
वहीं इससे पहले मंगलवार को पूर्वी दिल्ली के झिलमिल औद्योगिक इलाके में प्लास्टिक दाना बनाने वाली एक फैक्ट्री में आग लगी थी। दमकल की 4 गाड़ियों ने करीब 40 मिनट में इस आग को काबू में कर लिया था। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

