Homeक्राइमदिल्ली के बड़े बुकी साहिल जैन उर्फ गूगल के घर पर फायरिंग,...

दिल्ली के बड़े बुकी साहिल जैन उर्फ गूगल के घर पर फायरिंग, CCTV में दिखे 2 शूटर

दिल्ली में बड़े बुकी साहिल जैन उर्फ गूगल के घर पर बाइक सवार दो शूटरों ने फायरिंग की. हमलावरों ने घर की दीवार और पार्किंग में खड़ी कार को निशाना बनाया. कुल छह राउंड गोलियां चलने की जानकारी है, हालांकि कोई घायल नहीं हुआ. वारदात का CCTV फुटेज सामने आया है.

दिल्ली में देश के बड़े बुकी में शामिल साहिल जैन उर्फ गूगल के घर पर फायरिंग का मामला सामने आया है. बाइक सवार दो शूटरों ने घर पर पहुंचकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं. इस दौरान घर की दीवार और पार्किंग में खड़ी कार को निशाना बनाया गया. गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ. वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दो हमलावर बाइक से आते और गोलियां चलाते दिखाई दे रहे हैं. पुलिस अब इस मामले की जांच में जुटी है.

जानकारी के मुताबिक दोनों शूटर बाइक से साहिल जैन के घर पहुंचे थे. इसके बाद एक शूटर ने घर की तरफ निशाना साधकर कई राउंड गोलियां चलाईं. फिर पार्किंग में खड़ी कार पर भी फायरिंग की गई. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए. शुरुआती जानकारी के अनुसार, कुल छह राउंड गोलियां चलाई गईं. पुलिस CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है.

2021 में लॉरेंस बिश्नोई ने दी थी धमकी

साहिल जैन उर्फ गूगल के घर पर फायरिंग की घटना के बीच लॉरेंस बिश्नोई का साल 2021 का एक कथित धमकी भरा ऑडियो भी चर्चा में है. बताया जाता है कि उस समय लॉरेंस बिश्नोई ने फोन कॉल पर साहिल को धमकी देते हुए कहा था, ‘तुझे और तेरे परिवार को कच्चा चबा जाऊंगा.’ इस कथित धमकी का ऑडियो भी वायरल हुआ था. साहिल जैन पर अवैध कॉल सेंटर के कारोबार से जुड़े आरोप भी लगे हैं. हालांकि, मौजूदा फायरिंग की घटना के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है.

रंगदारी के लिए फायरिंग का शक

सूत्रों के मुताबिक पुलिस इस वारदात को रंगदारी मांगने के एंगल से भी देख रही है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फायरिंग के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ है या किसी दूसरे गैंग ने इस वारदात को अंजाम दिया है.

फिलहाल किसी गैंग की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस CCTV फुटेज, हमलावरों की गतिविधियों और अन्य सबूतों के आधार पर जांच कर रही है. जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि साहिल जैन के घर पर फायरिंग किसने और किस मकसद से कराई.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments