Homeक्राइमडेटिंग ऐप और 3 करोड़ रुपये वसूलने की साजिश! लड़की से कहा-...

डेटिंग ऐप और 3 करोड़ रुपये वसूलने की साजिश! लड़की से कहा- उसे झूठे केस में फंसाओ, 5 लाख देंगे

डेटिंग ऐप पर पहचान, एक युवती की शिकायत और फिर 3 करोड़ रुपये वसूलने की कथित साजिश… नागपुर में एक व्यक्ति को झूठे केस में फंसाने के लिए 19 साल की लड़की को 5 लाख रुपये देने का लालच दिया गया था. लड़की ने राजस्थान के एक व्यक्ति पर आपत्तिजनक वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया, लेकिन जांच के दौरान उसके बयान बदल गए.

नागपुर में डेटिंग ऐप के जरिए दोस्ती और फिर ब्लैकमेलिंग का एक मामला सामने आया है. पुलिस का कहना है कि एक व्यक्ति को झूठे केस में फंसाकर उससे 3 करोड़ रुपये वसूलने की साजिश रची गई थी. इसके लिए 19 साल की एक युवती को 5 लाख रुपये देने का लालच दिया गया. युवती ने पहले राजस्थान के एक व्यक्ति के खिलाफ शिकायत की थी, लेकिन जांच के दौरान उसके बयान बदल गए. पुलिस के मुताबिक, उसने बताया कि शिकायत दर्ज कराने के लिए उसे आदित्य गुप्ता ने कहा था. अब इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी आदित्य गुप्ता को उत्तर प्रदेश के आगरा से गिरफ्तार किया है.

नागपुर पुलिस के मुताबिक, शिकायत करने वाली 19 साल की युवती मोमिनपुरा इलाके में रहती है. वह मनोरंजन और शिक्षा से जुड़े वीडियो और रील बनाती है. युवती काफी समय से एक डेटिंग ऐप चला रही थी. इसी ऐप के जरिए उसकी पहचान आदित्य सुरेशचंद्र गुप्ता से हुई थी.

कुछ दिन पहले युवती ने राजस्थान के रहने वाले इरफान अली के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. उसका आरोप था कि ऐप पर उसकी पहचान इरफान से हुई थी. इरफान ने कथित तौर पर खुद को राजनीतिक पहुंच वाला व्यक्ति बताया था. युवती के मुताबिक, उसने नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उससे आपत्तिजनक वीडियो ले किए और फिर उन्हें वायरल करने की धमकी दी. इस शिकायत के आधार पर इरफान समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था.

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने युवती के मोबाइल से जुड़ी जानकारी मांगी और बयान दर्ज करने के लिए उसे थाने बुलाया. इस दौरान आदित्य गुप्ता भी उसके साथ थाने पहुंचा. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आदित्य युवती से पूछे गए सवालों के जवाब खुद देने लगता था. उसने राजनीतिक लोगों और कॉर्पोरेट में अपनी पहचान होने और सीनियर अफसरों से संपर्क होने की बात भी कही. पुलिस को उसकी इस दखलअंदाजी पर शक हुआ.

इसके बाद पुलिस ने युवती से अलग से पूछताछ की. पुलिस का कहना है कि इस दौरान युवती घबरा गई और उसने इरफान अली को पहचानने से इनकार कर दिया. उसने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर इरफान से उसकी कभी बातचीत नहीं हुई थी. युवती ने पुलिस को बताया कि आदित्य के कहने पर उसने शिकायत दर्ज कराई थी.

5 लाख का लालच और 3 करोड़ वसूलने की साजिश का दावा

पुलिस की जांच में आरोप है कि आदित्य ने युवती को इरफान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के बदले 5 लाख रुपये देने का लालच दिया था. पुलिस को शक है कि झूठे मामले में इरफान को फंसाकर उससे 3 करोड़ रुपये वसूलने की प्लानिंग बनाई गई थी.

इस मामले में नागपुर पुलिस की तहसील पुलिस ने आदित्य की तलाश की. आखिरकार उसे उत्तर प्रदेश के आगरा से गिरफ्तार कर लिया गया. कोर्ट ने उसे पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया है. नागपुर के डीसीपी जोन-3 राहुल मदने के मुताबिक, जांच में यह भी सामने आया है कि आदित्य के खिलाफ पुणे और दिल्ली में भी इसी तरह के कई मामले दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कथित साजिश में और कौन-कौन शामिल था, शिकायत के पीछे क्या मकसद था और क्या 3 करोड़ रुपये वसूलने की कोशिश की गई थी.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments