Homeभारतदिल्लीदिल्ली: बेटे को बचाने के लिए बीच झगड़े में आई मां, चाकू...

दिल्ली: बेटे को बचाने के लिए बीच झगड़े में आई मां, चाकू लगने से मौत

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ में चाकूबाजी में एक महिला की मौत हो गई. महिला अपने बेटे को बचाने की कोशिश कर रही थी, इसी दौरान उसे चाकू लग गया. पुलिस ने आरोपी सतीश लांबा को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पीड़ित बेटे और उसके दो दोस्तों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है. पुलिस दोनों पक्षों की जांच कर रही है.

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में चाकूबाजी में घायल हुई एक महिला की मौत हो गई. ये वारदात 15 अक्टूबर की है जब रात में पुराने रोशनपुरा इलाके में एक महिला अपने बेटे को बचाते हुए घायल हो गई थी.

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि आरोपी सतीश लांबा (30) को मां-बेटे पर चाकू से हमला करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, आरोपी पर हमला करने के आरोप में पीड़ित बेटे और उसके दो दोस्तों पर भी अलग से मामला दर्ज किया गया है.

जानकारी के मुताबिक, 15 अक्टूबर की रात करीब 11.15 बजे एक ही इलाके के रहने वाले सतीश लांबा और ध्रुव ऋषि (30) के बीच हाथापाई हुई थी. सतीश एक चौक पर खड़ा था, तभी ध्रुव अपने दोस्तों अफजल और देव बक्शी के साथ मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचा.

आरोप है कि ध्रुव ने सतीश के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और ध्रुव ने सतीश की बाईं जांघ पर चाकू से वार कर दिया. झगड़ा बढ़ता देख ध्रुव के एक दोस्त ने उसके माता-पिता, कमल ऋषि और सीमा ऋषि को बताया. दोनों तुरंत घर से 50 मीटर दूर मौके पर पहुंचे. तब तक आरोपी सतीश ने ध्रुव से चाकू छीन लिया था.

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

बीच-बचाव के दौरान हुई हाथापाई में सतीश ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे ध्रुव के माता-पिता घायल हो गए. गंभीर रूप से घायल सीमा ऋषि ने 17 अक्टूबर को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. घायल कमल ऋषि के बयान के आधार पर पुलिस ने 16 अक्टूबर को हत्या, हत्या के प्रयास और अवैध रूप से रोकने की धाराओं के तहत FIR दर्ज कर आरोपी सतीश लांबा को गिरफ्तार कर लिया.

जांच में सामने आया कि सतीश लांबा भी इस झड़प में घायल हुआ था. उसे जाफरपुर के राव तुला राम मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी जांघ पर गहरा घाव पाया गया. बाद में उसे दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल और फिर सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया. सतीश के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने ध्रुव और उसके दो दोस्तों के खिलाफ भी केस दर्ज किया है. पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments