कानपुर में बंधन बैंक के गोल्ड लोन विभाग के मैनेजर ने बुधवार को सुसाइड कर लिया। उन्होंने सुसाइड से पहले अपनी पत्नी को वॉट्सऐप पर कई मैसेज भेजे। उन्होंने लिखा कि कोई सुनने वाला नहीं है।
कानपुर: कानपुर के किदवई नगर में बंधन बैंक के 34 साल के मैनेजर अनुराग बाजपेई की मौत के मामले में ग्राहक से जुड़ा विवाद सामने आया है। मूलरूप से उन्नाव के बांगरमऊ निवासी अनुराग बाजपेई गोविंद नगर स्थित बंधन बैंक में गोल्ड लोन विभाग के मैनेजर थे। बुधवार दोपहर उन्होंने पत्नी दिव्या को वॉट्सऐप पर कई मैसेज भेजे।
इनमें उन्होंने ग्राहक नितिन गौर पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए लिखा कि उनकी कोई गलती नहीं है और 7 अक्टूबर से मामला चल रहा है। पत्नी ने मैसेज का जवाब देकर पूरी बात पूछी, लेकिन इसके बाद अनुराग की ओर से कोई जवाब नहीं आया। पत्नी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खुलवाया गया। वहां अनुराग का शव मिला।
कमरे से मिला सुसाइड नोट
पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट और एसीपी बाबूपुरवा को दिया गया प्रार्थना-पत्र भी मिला है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अनुराग ग्राहक से जुड़े मामले को लेकर परेशान थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सुसाइड नोट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
पत्नी को लिखा- कोई सुनने वाला नहीं
अनुराग के पिता रामचंद्र के मुताबिक, उनके बेटे ने बुधवार दोपहर 2:52 से 2:56 बजे के बीच पत्नी को मोबाइल पर कई मैसेज भेजे थे। इनमें उसने ग्राहक नितिन गौर का जिक्र करते हुए अपनी परेशानी बताई थी। मैसेज में यह भी लिखा था कि 7 अक्टूबर से मामला चल रहा है और उनकी कोई गलती नहीं है। अनुराग ने पत्नी को यह भी बताया कि उन्हें अपनी बात रखने का मौका नहीं मिल रहा है। दोपहर करीब 3:10 बजे दिव्या ने मैसेज देखा और जवाब दिया कि वह पूरी बात बताते ही नहीं हैं। इसके बाद अनुराग का कोई जवाब नहीं आया।
बैंक कर्मचारी पहुंचा तो अंदर से बंद था कमरा
अनुराग की ओर से जवाब नहीं मिलने पर दिव्या ने परिवार के लोगों को जानकारी दी। इसके बाद बैंक में फोन कर संपर्क किया गया। बैंक का एक कर्मचारी अनुराग के किराये के कमरे पर पहुंचा, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। कर्मचारी ने इसकी जानकारी दिव्या को दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खुलवाया गया। अंदर अनुराग का शव मिला।
ACP को दिया प्रार्थना-पत्र मिला
पुलिस को घटनास्थल से सुसाइड नोट के अलावा एसीपी बाबूपुरवा को दिया गया एक प्रार्थना-पत्र भी मिला है। बताया जा रहा है कि यह आवेदन ग्राहक से जुड़ी शिकायत और परेशानी के संबंध में दिया गया था। पुलिस अब इन दस्तावेजों की जांच कर रही है, ताकि मामले की परिस्थितियों और शिकायत पर हुई कार्रवाई के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। बाबूपुरवा थाना प्रभारी नीरज ओझा ने बताया कि सुसाइड नोट और परिवार की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
दो साल से कानपुर में किराये पर रह रहे थे अनुराग
अनुराग बाजपेई मूल रूप से उन्नाव जिले के बांगरमऊ के रहने वाले थे। वह गोविंद नगर स्थित बंधन बैंक की शाखा में गोल्ड लोन विभाग के मैनेजर के रूप में काम कर रहे थे। पिछले दो साल से किदवई नगर के एम ब्लॉक में शैलजा के मकान में किराये पर अकेले रह रहे थे। परिवार में पत्नी दिव्या और तीन बच्चे वैभव, मृत्युंजय तथा ढाई साल की बेटी देविका हैं। पिता रामचंद्र ने बताया कि अनुराग नौ भाई-बहनों में छठे नंबर पर थे।
ग्राहक की शिकायत और कार्रवाई के पहलू की जांच
अनुराग के मैसेज और कमरे से मिले प्रार्थना-पत्र में ग्राहक नितिन गौर से जुड़े विवाद का उल्लेख है। हालांकि, ग्राहक पर लगाए गए आरोपों और शिकायत पर कार्रवाई की स्थिति की स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस सुसाइड नोट, परिवार की शिकायत और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।

