Homeभारतदिल्लीदिल्ली में CJP के प्रदर्शन से पहले बड़ा फैसला, 57 मेट्रो स्टेशनों...

दिल्ली में CJP के प्रदर्शन से पहले बड़ा फैसला, 57 मेट्रो स्टेशनों को बंद करने का प्रस्ताव

वोट चोरी के आरोपों से शुरू हुआ विरोध अब राजधानी की सड़कों से मेट्रो तक पहुंच गया है. 10 अक्टूबर को होने वाले प्रदर्शन से पहले पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी की है. दिल्ली में सफर करने वाले आम लोगों पर इसका काफी असर पड़ेगा.

दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पुलिस ने मेट्रो के 57 स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद करने का प्रस्ताव रखा है. 8 अक्टूबर को लिखे पत्र में दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) से कहा गया कि 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से ये कदम उठाए जाएं और 10 अक्टूबर को हालात सामान्य होने तक जारी रहें. पत्र में कुछ स्टेशनों पर मेट्रो की फ्रीक्वेंसी कम करने की बात भी कही गई है.

पुलिस ने इसकी वजह प्रदर्शन के दौरान संवेदनशील इलाकों की ओर भीड़ बढ़ने की आशंका बताई है. राजीव चौक, खान मार्केट, INA और जामिया मिल्लिया इस्लामिया जैसे स्टेशनों से सफर करने वालों को यात्रा से पहले ताजा अपडेट जरूर देखना चाहिए.

यह प्रदर्शन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और वाम पंथी छात्र संगठनों से जुड़ा है. प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. उनका आरोप है कि मतदाता सूची में बदलाव के दौरान गड़बड़ियां हुई हैं और वोट चोरी की गई है.

इससे पहले CJP ने पहले मुंबई में प्रदर्शन किया था और फिर 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर जुटने का ऐलान किया है. संगठन के नेता अभिजीत दिपके ने देशभर के युवाओं से दिल्ली पहुंचने की अपील की थी. इस आंदोलन में छात्र संगठनों के शामिल होने की भी बात कही गई.

इन 57 मेट्रो स्टेशनों को बंद करने का है प्रस्ताव

10 अक्टूबर को CJP प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली के 57 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का प्रस्ताव रखा गया है. देखें, इनमें कौन-कौन से स्टेशन शामिल हैं.

जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, नई दिल्ली, सेवा तीर्थ (उद्योग भवन), मंडी हाउस, बाराखंभा रोड, ITO, दिल्ली गेट, खान मार्केट, आरके आश्रम मार्ग, झंडेवालान, सुप्रीम कोर्ट, इंद्रप्रस्थ, शिवाजी स्टेडियम, INA, हौज खास, जोर बाग, अर्जनगढ़, सराय काले खां-निजामुद्दीन, लाजपत नगर, जंगपुरा, आश्रम, कालिंदी कुंज, जसोला, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, ओखला विहार, चावड़ी बाजार, जामा मस्जिद, करोल बाग, राजेंद्र प्लेस, विश्वविद्यालय, विधानसभा, सिविल लाइंस, कश्मीरी गेट, इंद्रलोक, GTB नगर, कन्हैया नगर, नेताजी सुभाष प्लेस, आजादपुर, आदर्श नगर, जहांगीरपुरी, हैदरपुर बादली मोड़, मजलिस पार्क, शालीमार बाग, सीलमपुर, मौजपुर, जाफराबाद, वेलकम, यमुना विहार, खजूरी खास, शाहदरा, रिठाला, रोहिणी ईस्ट और रोहिणी वेस्ट।

पुलिस ने नहीं दी प्रदर्शन की इजाजत

जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी. हालात बिगड़ने की आशंका में प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा बढ़ाई गई है और कई जगह बैरिकेडिंग की गई है. ऐसे में राजधानी में राजनीतिक विरोध और कानून-व्यवस्था को लेकर तनाव बढ़ा है.

अब देखना यह होगा कि प्रदर्शन के दौरान हालात कैसे रहते हैं और मेट्रो सेवाओं पर कितनी पाबंदियां लागू होती हैं. दिल्ली में शनिवार को निकलने वाले लोगों के लिए बेहतर होगा कि वे घर से निकलने से पहले मेट्रो की आधिकारिक जानकारी और अपने रास्ते का अपडेट जरूर देख लें.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments