Homeटॉप न्यूज़कनॉट प्लेस में कश्मीरी युवक को पीटा, BJP का कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर...

कनॉट प्लेस में कश्मीरी युवक को पीटा, BJP का कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आरोप

दिल्ली के कनॉट प्लेस में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान PM मोदी के समर्थन में नारे लगाने वाले एक शख्स के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. श्रीनगर निवासी फईम नजीर ने आरोप लगाया कि उसने राहुल गांधी के खिलाफ कुछ नहीं कहा, फिर भी उसे बुरी तरह पीटा गया.

दिल्ली के कनॉट प्लेस में कांग्रेस के लंच वेन्यू के बाहर BJP और कांग्रेस समर्थकों के बीच झड़प का मामला सामने आया है. आरोप है कि कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारे लगाने वाले एक शख्स के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मारपीट की. खुद को प्रधानमंत्री मोदी का बड़ा समर्थक बताने वाले इस शख्स ने अपना नाम फईम नजीर बताया है. उसने कहा कि वह श्रीनगर, कश्मीर का रहने वाला है.

फईम नजीर ने अपने बयान में कहा कि उसने राहुल गांधी के खिलाफ कोई गाली या आपत्तिजनक बात नहीं कही थी. इसके बावजूद उसके साथ मारपीट की गई. उसने कहा, “मैंने राहुल गांधी को गाली नहीं दी, लेकिन आप देख सकते हैं कि मुझे किस तरीके से मारा गया.” फईम ने दावा किया कि वह लगातार अपनी आवाज उठा रहा है और लोगों को देश को लेकर अपनी चिंता समझाने की कोशिश कर रहा है.

फईम ने कहा कि वह देश का नागरिक है और उसकी भी जिम्मेदारी है. उसने आरोप लगाया कि देश को नेपाल और बांग्लादेश बनाने की साजिश चल रही है और वह ऐसा नहीं होने देना चाहता. हालांकि, उसके इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

यह घटना ऐसे समय हुई है जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को कनॉट प्लेस के Moets में इंडिया ब्लॉक के नेताओं के लिए लंच का आयोजन किया. यह लगातार दूसरे दिन विपक्षी नेताओं की ऐसी बैठक है. सूत्रों के मुताबिक, लंच के बाद विपक्षी नेता एक बार फिर प्रदर्शन कर सकते हैं. उनकी मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की है.

इससे पहले बुधवार को राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी नेताओं ने प्रदर्शन किया था. नेताओं का काफिला जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे रोक दिया. इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई इंडिया ब्लॉक नेताओं को हिरासत में लिया गया था.

राहुल गांधी ने कहा था कि विपक्ष का प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते. विपक्ष का कहना है कि यह लड़ाई देश की चुनावी प्रक्रिया और हर नागरिक के वोट की सुरक्षा के लिए है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments